संविधान दिवस पर शासन सचिवालय में प्रस्तावना का वाचन, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने दिलाया संवैधानिक मूल्यों का संकल्प
अधिकारियों के साथ किया प्रस्तावना का वाचन
जयपुर। शासन सचिवालय में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संविधान के मूल्यों, आदर्शों और मूल कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान की गौरवशाली यात्रा और संविधान दिवस के महत्व पर आधारित संक्षिप्त वीडियो डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन से हुई।
इसके बाद मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों ने भी उनके साथ प्रस्तावना दोहराई। इस अवसर पर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत सिद्धांतों के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में नागरिकों और लोकसेवकों की भूमिका पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों को संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने तथा संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Comment List