बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान का पोर्टल लॉन्च करेंगी डिप्टी सीएम दिया कुमारी, जागरूकता रथ को दिखाएंगी हरी झंडी
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान पोस्टर-पुस्तिका का होगा विमोचन
जयपुर। बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता और रोकथाम के प्रयासों को गति देने के लिए शुक्रवार को जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो साल पूरे होने के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी बाल विवाह मुक्त राजस्थान पोर्टल लॉन्च करेंगी। साथ ही जागरूकता अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। निदेशालय बाल अधिकारिता एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से यह कार्यक्रम एचसीएम रीपा परिसर स्थित भगवत सिंह मेहता सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे उप मुख्यमंत्री के आगमन के साथ शुरू होगा। इस दौरान बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता के लिए मोबाइल अभियान वैन रवाना की जाएगी। इसके अलावा प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर और पुस्तिका का भी विमोचन किया जाएगा।
कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम की दिशा में उल्लेखनीय काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
बाल अधिकारिता विभाग की ओर से बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान की अब तक की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर प्रस्तुतीकरण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मुख्य संबोधन देंगी। इस आयोजन में महिला एवं बाल विकास, पुलिस, पंचायती राज, ग्रामीण एवं शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और विधि सेवा प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि 27 नवंबर को बाल विवाह और जबरन विवाह उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस भी मनाया जाता है।

Comment List