मौसमी बीमारियों की मार से घर-घर में लोग बीमार : वातावरण में फैले एंफ्लुएंजा, एडिनो, राइनो जैसे वायरस
सर्दी-जुकाम, गले में खराश, अस्थमा-एलर्जी और सांस के मरीजों की बढ़ी परेशानी
जयपुर। शहर में इन दिनों सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। सुबह शाम ठंड का असर और दिन में अभी भी धूप में तेजी सेहत को बिगाड़ रही है। ऐसे में मौसमी बीमारियां घर-घर में फैल रही हैं। तापमान में गिरावट आने से दिन और रात में सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। इस बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल संक्रमण के साथ ही बदलते मौसम में अस्थमा-एलर्जी और सांस से जुड़े मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई है। इसके चलते एसएमएस अस्पताल सहित शहर के अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या भी करीब 25 से 30 फीसदी तक बढ़ गई है। एसएमएस अस्पताल की ओपीडी इन दिनों 10 हजार पार हो गई है। अकेले मेडिसिन विभाग की ओपीडी में 1500 से 2000 मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं।
वायरस की चपेट में आमजन डॉक्टर्स की मानें तो इन दिनों सर्दी की शुरुआत में वातावरण में एंफ्लुएंजा, एडिनो, राइनो जैसे वायरस सक्रिय हो जाते हैं। इससे वायरल इंफेक्शन, सर्दी-खांसी, जुकाम जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव होने पर शरीर को नए मौसम के अनुसार ढलने में समय लगता है। ऐसे में सर्दी-जुकाम और श्वसन तंत्र से जुड़ी परेशानियां इस मौसम में आम है। खासकर अस्थमा, एलर्जी और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों में वायरल संक्रमण के कारण बुखार, नाक बहना, गले में खराश और खांसी जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं। बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों में सांस लेने में परेशानी बढ़ सकती है। एलर्जी राइनाइटिस से पीड़ित लोगों को छींकें आने, नाक बहने, नाक बंद होने और आंखों में खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
बिना सलाह एंटिबायोटिक्स ना लें चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी की शुरुआत में मौसम में बदलाव आते ही सर्दी-जुकाम, वायरल, गले में इंफेक्शन जैसे लक्षण सामान्य हैं। ऐसे में लोग डॉक्टर के पास जाने के बजाय खुद से ही दवाईयां और विशेषकर एंटिबायोटिक्स का सेवन कर लेते हैं जो कि नुकसानदायक हो सकता है। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता घटती है।
बदलते मौसम में ऐसे करें बचाव सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें।ठंडा पानी और फ्रिज में रखी ठंडी चीजों के सेवन से बचें। संक्रमण, एलर्जी से बचने के लिए मास्क लगाएं। अल सुबह पार्क में घूमने से बचें, थोड़ी धूप खिलने के बाद जाएं। इ न दिनों सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में मौसमी बीमारियां भी आमजन को परेशान कर रही हैं। वायरल संक्रमण के लक्षण होने पर खुद से एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं लेने से बचें। तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ या सीने में जकड़न होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
-डॉ. श्याम सुंदर, एचओडी एंड सीनियर प्रोफेसर मेडिसिन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल।

Comment List