केंद्रीय मंत्रियों तक के गढ़ों में भाजपा को मात, राज्य मंत्रियों के इलाकों में भी पार्टी पिछड़ी

जिला प्रमुख चुनाव में भी कांग्रेस का दबदबा

केंद्रीय मंत्रियों तक के गढ़ों में भाजपा को मात, राज्य मंत्रियों के इलाकों में भी पार्टी पिछड़ी
पंचायतीराज चुनावों में भाजपा को कई जिलों में बड़ा झटका लगा। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित कई मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई। जयपुर, अलवर, जोधपुर, बीकानेर, टोंक और फलोदी में कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद हासिल किए।

जयपुर। पंचायतीराज चुनावों में भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री प्रेमंचद बैरवा और केंद्रीय मंत्रियों से लेकर राज्य के ताकतवर मंत्री पार्टी को जीत नहीं दिला सके। बुधवार को हुए जिला प्रमुखों के चुनाव में भी भाजपा को बड़े झटके लगे। उपमुख्यमंत्री सहित दस मंत्रियों के क्षेत्रों की पंचायत समितियों के 577 वार्डों में कांग्रेस ने 315 और भाजपा ने मात्र 183 सीटें जीतीं। नौ मंत्रियों के इलाकों में कांग्रेस भाजपा से आगे रही। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के संसदीय क्षेत्र के प्रमुख जिले अलवर में भाजपा ने जिला प्रमुख का पद खो दिया। जिला परिषद के 39 वार्डों में भाजपा चार सीटें जीत सकी। जिले की 11 समितियों में से सात में कांग्रेस और एक में भाजपा को बहुमत मिला।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत के जोधपुर जिले की जिला परिषद की 43 सीटों में कांग्रेस ने 32 और भाजपा ने आठ जीतीं। जिला प्रमुख का पद खो दिया। जिले की 23 समितियों में भाजपा एक में भी बहुमत नहीं मिला, जबकि कांग्रेस को 15 और रालोपा को तीन में मिला। उपमुख्यमंत्री बैरवा के दूदू से समितियों के 47 वार्डों में भाजपा आठ सीटें जीत सकी। कांग्रेस ने 21 और रालोपा ने 16 सीटें जीतीं। जयपुर में भी भाजपा जिला प्रमुख का चुनाव हार गई। कांग्रेस के यशवीर सूरा ने भाजपा के राजेश गुर्जर को 28 मतों के अंतर से पराजित किया।  कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के निर्वाचन क्षेत्र सवाई माधोपुर से संबंधित पंचायत समितियों के 40 वार्डों में कांग्रेस ने 30 और भाजपा ने आठ सीटें जीतीं। उनके मूल गृह क्षेत्र महुवा में भी कांग्रेस को बहुमत मिला। बुधवार को सवाई माधोपुर और दौसा में पार्टी उम्मीदवार तक नहीं उतार सकी।

चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्वाचन क्षेत्र लोहावट की चारों पंचायत समितियों लोहावट, देचू, बापिणी और आऊ के 60 वार्डों में कांग्रेस को 44 का बहुमत मिला। भाजपा छह सीटों पर सिमट गई। उनके गृह क्षेत्र खींवसर पंचायत समिति में भाजपा को 17 में से सिर्फ एक सीट मिली। बुधवार को फलोदी में कांग्रेस की यशवंत कंवर जिला प्रमुख चुनी गईं। उन्हें 21 और भाजपा की सरिता भादू को महज दो मत मिले।

सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत के जैतारण की तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला। बुधवार को ब्यावर जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा को और बड़ा झटका लगा। जिला परिषद में बहुमत होने के बावजूद भाजपा की निर्मला देवी एक मत से हार गईं। कांग्रेस की 22 वर्षीय ममता गुर्जर जिला प्रमुख बनीं। 
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और राज्य के खाद्य मंत्री सुमित गोदारा के प्रभाव वाले बीकानेर जिले में कांग्रेस की निकिता डूडी जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं।

Read More खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे परिवार पर काल बनकर टूटा ट्रक, भीषण टक्कर में 9 की मौत

गोदारा के निर्वाचन क्षेत्र लूणकरणसर में भी भाजपा 27 में से मात्र नौ वार्ड जीत सकी थी। कांग्रेस ने 17 सीटें हासिल की थीं। जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के विधानसभा क्षेत्र मालपुरा से संबंधित 49 वार्डों में भाजपा को 15 और कांग्रेस को 27 सीटें मिलीं। उनके गृह क्षेत्र टोडारायसिंह में भी कांग्रेस को बहुमत मिला। बुधवार को कांग्रेस की अलका बैरवा टोंक की जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। कांग्रेस ने दस साल बाद टोंक जिला परिषद की सत्ता हासिल की है।  हालांकि जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने कुछ जिलों में उलटफेर भी किया। चूरू में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख बनने में सफल रहीं। अजमेर में भाजपा की पूजा भंसाली जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं।

Read More राजस्थान में फेस्टिव सीजन 2026 : कुल वाहन बिक्री 4.16 लाख पार, 4.72% की वृद्धि

Post Comment

Comment List

Latest News

केंद्रीय मंत्रियों तक के गढ़ों में भाजपा को मात, राज्य मंत्रियों के इलाकों में भी पार्टी पिछड़ी केंद्रीय मंत्रियों तक के गढ़ों में भाजपा को मात, राज्य मंत्रियों के इलाकों में भी पार्टी पिछड़ी
पंचायतीराज चुनावों में भाजपा को कई जिलों में बड़ा झटका लगा। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित कई मंत्रियों के प्रभाव वाले...
राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- संविधान देश की आत्मा और अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार, खरगे ने भी दिया संदेश
मुस्कानों के पीछे छिपी अनकही कहानियां, कैनवास पर उतरे रिश्तों और संघर्षों के रंग
उप जिला प्रमुख चुनाव : भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला, दोनों दलों ने उतारे प्रत्याशी
टेस्ट रैंकिंग में भारतीय गेंदबाज का दबदबा, बुमराह संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंचे
सेल्सफोर्स फिडे वर्ल्ड चैंपियनशिप : गुकेश और सिंदारोव के बीच पहला मुकाबला 38 चालों के बाद ड्रॉ, दोनों को मिले आधे अंक
महंगाई-बेरोजगारी से ग्रामीण भारत में उबाल : जयेराम बोले- राजस्थान में भाजपा को मिला ट्रेलर