खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे परिवार पर काल बनकर टूटा ट्रक, भीषण टक्कर में 9 की मौत
चालक को झपकी आने से दुर्घटना होने की प्रारंभिक आशंका
कोटा। धार्मिक यात्रा खुशियां लेकर लौट रही थी, लेकिन कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात एक बजे वह यात्रा मातम में बदल गई। नांता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग लोहे के बीच फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 साल की मासूम सानवी और 7 साल की जानवी भी शामिल हैं। 7 लोग घायल हैं, जिनका न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
जयपुर में सबने साथ खाना खाया, कुछ घंटे बाद ही टूटा कहर
यह परिवार महाराष्ट्र के धुले का रहने वाला है। परिवार के कुल 36 लोग तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मंगलवार को धुले से यात्रा शुरू हुई थी। सबसे पहले मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए शनिवार सुबह 11 बजे सभी खाटूश्यामजी पहुंचे थे। खाटूश्यामजी में परिवार के सभी लोगों ने ग्रुप फोटो खिंचवाई, दर्शन किए और खुशी-खुशी वापसी की तैयारी की। शनिवार शाम को खाटूश्यामजी से वापस रवाना हुए। रात करीब 11 बजे जयपुर में सभी ने एक साथ खाना खाया। किसी को नहीं पता था कि यह साथ खाया गया आखिरी खाना होगा। पीछे वाली गाड़ी में चल रहे युवक प्रदीप ने बताया कि हम तीन गाड़ी में थे। पहली गाड़ी आधा घंटा पहले निकल गई थी। रात 1 बजे भांजी का फोन आया कि हमारा एक्सीडेंट हो गया है। उस दौरान हम 45 किलोमीटर दूर थे। जब पहुंचे तो पुलिस एंबुलेंस से सभी को अस्पताल ले जा चुकी थी। दो-तीन लोग ही गाड़ी में बचे थे।
आंख खुली तो सब पड़े हुए थे
हादसे में घायल महिला मयूरी ने जो बताया, वह रोंगटे खड़े कर देता है। मयूरी ने कहा- हम सोए हुए थे। सब बेसुध थे। मेरी आंख खुली तो देखा सब पड़े हुए थे। हादसे के वक्त क्रूजर में ज्यादातर लोग सो रहे थे। उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। हादसे के बाद शव और घायल गाड़ी में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से गाड़ी को काटकर शव और घायलों को बाहर निकाला और न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भिजवाया।
8 की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक क्रूजर में एक परिवार के 15 लोग सवार थे। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। वहीं ट्रक ड्राइवर सहित 7 लोग घायल हुए हैं। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि क्रूजर में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे, जो खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम, एडीएम, एसडीएम सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी ली।
एक ही परिवार के उजड़े 9 चिराग
मृतकों में पति-पत्नी, उनकी बेटी, बेटा-बहू और पोता-पोती शामिल हैं। हादसे में परिवार के बुजुर्गों से लेकर मासूम बच्चों तक की जान चली गई। मृतकों में बाबूलाल (75), उनकी पत्नी सुशीला (62), सज्जन (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), माधवी (32), कैलाश (35), अनीता (32), जानवी (7) और सानवी (3) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बाबूलाल और सज्जन दोनों भाई हैं। सज्जन की पोती सानवी, उनकी बहू माधवी और बाबूलाल की पोती जानवी भी इस हादसे में नहीं रहीं। एक ही घर में एक साथ 9 अर्थियां उठने की खबर से पूरे धुले में मातम पसर गया है।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, शव महाराष्ट्र भेजे जाएंगे
एसडीएम कपिल शर्मा ने बताया कि सभी का पोस्टमॉर्टम हो चुका है। कोटा प्रशासन की ओर से सभी 9 शवों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है, जिनसे शव महाराष्ट्र भेजे जाएंगे। घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम लगी हुई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है कि ट्रक सड़क किनारे क्यों खड़ा था, क्या उसमें कोई इंडिकेटर या पार्किंग लाइट थी। साथ ही क्रूजर की स्पीड और ड्राइवर को नींद आने की आशंका पर भी जांच की जा रही है।
सवाल - हाईवे पर खड़े ट्रक कब तक लेते रहेंगे जान?
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रकों की समस्या को उजागर कर दिया है। रात के अंधेरे में खड़े ट्रक कई बार बड़े हादसों का कारण बनते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comment List