बंगाल की खाड़ी में फिर उठ सकता है चक्रवाती तूफान, 1987 के बाद बन रहे ऐसे हालात; ओडिशा में अलर्ट
तीव्रता और स्वरूप को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती सिस्टम विकसित होने की संभावना ने मौसम विभाग की चिंता बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने 15 दिवसीय विस्तारित मौसम पूर्वानुमान के आधार पर इसके संकेत दिए हैं। हालांकि, संभावित सिस्टम की जगह, तीव्रता और स्वरूप को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। महापात्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सामान्यतः हर साल करीब पांच चक्रवात बनते हैं। इस साल अब तक तीन चक्रवाती सिस्टम विकसित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 1987 के बाद इस तरह की मौसमी परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं। इसके पीछे मजबूत अल नीनो की भूमिका भी हो सकती है।
हाल के सिस्टम से ओडिशा और आंध्र प्रदेश प्रभावित हुए हैं। फिलहाल मौसम विभाग रोजाना परिस्थितियों की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नया सिस्टम बनने पर तत्काल पूर्वानुमान जारी किया जाएगा, ताकि प्रशासन राहत और बचाव की तैयारियां कर सके।

Comment List