एआई और डिजिटल गवर्नेंस से आसान हो रहा आमजन का जीवन : वी. श्रीनिवास
सियोल में वैश्विक शासन में एशिया की बढ़ती भूमिका पर चर्चा
जयपुर। राजस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल प्लेटफॉर्म और डेटा के इस्तेमाल से आमजन को मिलने वाली सरकारी सेवाओं में सुधार हुआ है और लोगों का जीवन आसान बना है। यह बात मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को सियोल में आयोजित आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन के दौरान कही। उन्होंने सिंगापुर, जापान और दक्षिण कोरिया के प्रमुख लोक प्रशासन विशेषज्ञों के साथ संवाद में राजस्थान के प्रशासनिक नवाचारों और डिजिटल गवर्नेंस के अनुभव साझा किए।
इस दौरान वैश्विक शासन में एशिया की बढ़ती भूमिका और लोक प्रशासन में तकनीकी नवाचार पर चर्चा हुई। श्रीनिवास ने राजस्थान संपर्क 181 को तकनीक आधारित सुशासन की महत्वपूर्ण मिसाल बताते हुए कहा कि एआई और डेटा आधारित निर्णयों से प्रशासन को अधिक संवेदनशील, सुलभ और नागरिक केंद्रित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूंजी निवेश, अत्याधुनिक तकनीक, ज्ञान संस्थानों को बढ़ावा और नियम आधारित शासन राजस्थान के आर्थिक विकास के प्रमुख आधार हैं। सम्मेलन में प्रो. डॉ. लियू होंग के ब्रेबां व्याख्यान में भी उन्होंने भाग लिया। इसमें वैश्विक शासन में एशिया की भूमिका और एआई, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा बिग डेटा के बढ़ते प्रभाव पर विचार रखे गए।

Comment List