अरुणाचल प्रदेश: अमित शाह ने की सुरक्षा और विकास की समीक्षा, पुलिस व्यवस्था से लेकर आपदा प्रबंधन तक पर दिए निर्देश
उच्च दोषसिद्धि दर, त्वरित न्याय और सुदृढ़ आपदा प्रबंधन पर दिया विशेष जोर
ईटानगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं के साथ सिलसिलेवार समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की तथा राज्य की विकास प्राथमिकताओं, आंतरिक सुरक्षा, पुलिस कार्यप्रणाली और आपदा प्रबंधन तैयारियों का जायजा लिया। इन बैठकों में मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के गृह मंत्री मामा नटुंग, सांसद ताई तगाक और तापिर गाओ तथा राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित थे। एक बैठक के दौरान राज्य सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के प्रमुख मुद्दों और प्राथमिकताओं के साथ-साथ केंद्र सरकार से अपेक्षित हस्तक्षेप और सहयोग पर चर्चा करते हुए एक संक्षिप्त प्रस्तुति दी।
खांडू ने राज्य की चिंताओं और प्राथमिकताओं पर समुचित ध्यान देने के लिए श्री शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री की टिप्पणियां, सुझाव और मार्गदर्शन राज्य सरकार को इन मुद्दों को रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। एक अलग समीक्षा सत्र में शाह ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस सीमावर्ती राज्य में पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समग्र कामकाज, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आपदा प्रबंधन तैयारियों का आकलन किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए मजबूत प्रशासन, कुशल पुलिस व्यवस्था, उच्च दोषसिद्धि दर, मामलों के त्वरित निपटान और सुदृढ़ आपदा तैयारियों की आवश्यकता पर बल दिया। खांडू ने बैठक को सार्थक बताते हुए राज्य के प्रशासनिक और पुलिस नेतृत्व को मार्गदर्शन तथा स्पष्ट दिशा-निर्देश देने के लिए गृह मंत्री का धन्यवाद किया।

Comment List