जयपुर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना: लाखों के सोने-चांदी के जेवरात सहित 50 हजार रुपये चोरी, मकान के ताले तोड़कर अलमारी और लॉकर खंगाले
जांच शुरू
जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र के ग्राम निमेड़ा स्थित मारुति नगर में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित मनोज यादव निवासी मारुति नगर निमेड़ा ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, मनोज यादव 12 नवंबर 2026 की शाम करीब 8 बजे अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सभी लाइटें जल रही थीं और सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी का कांच और लॉकर भी तोड़ दिया था।
लॉकर में रखे शादी के आभूषणों में मंगलसूत्र, सोने के दो झुमके, सोने की दो चूड़ियां, माथे का बोरला, चांदी का कमरबंद, चांदी की दो जोड़ी पायल, पति-पत्नी की सोने-चांदी की अंगूठियां, सोने की चेन, बच्ची की चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी के कड़े, चांदी की चेन, छोटी चांदी की कटोरी और चम्मच सहित 50 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरों ने बेड और उसके कपड़ों सहित घर का अन्य सामान भी बिखेर दिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर बिंदायका थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण संख्या 293/26 में बीएनएस की धारा 305(A) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comment List