भोपाल में भयावह हादसा: कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, पांच किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
बुझाने में हुई भारी मशक्कत
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बड़वई क्षेत्र में रविवार सुबह एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठा रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग से उठता धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब नौ बजे लगी। सूचना मिलते ही गांधीनगर, कबाड़खाना सहित अन्य स्थानों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। तीन दमकलों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। दमकलकर्मी पानी के साथ फोम का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने में जुटे हैं।
गोदाम गांव कआबादी से दूर स्थित होने के कारण फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखे सामान के जलने से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। आग और धुएं को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण भी दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में सहयोग कर रहे हैं। दमकलकर्मियों के अनुसार प्लास्टिक और पुट्ठे की अधिक मात्रा के कारण आग तेजी से फैल रही है और इसे बुझाने में कठिनाई हो रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Comment List