जयपुर में चाइनीज मांझे की चपेट में आया 7 साल का बच्चा, गर्दन पर लगे 17 टांके
प्राथमिक इलाज के बाद बच्चे को दी गई छुट्टी
जयपुर: जयपुर में चाइनीज मांझे से हादसे का मामला सामने आया है। रविवार सुबह माता-पिता के साथ स्कूटी से जा रहे सात साल के बच्चे की गर्दन मांझे में उलझने से घायल हो गई। उसे बचाने की कोशिश में हाथ की उंगलियों पर भी चोट आई। परिजन बच्चे को तुरंत SMS हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार किया।
दादी से मिलने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, खोहनागोरियान निवासी उमर रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटे अबू तल्हा को स्कूटी से लेकर जा रहे थे। बच्चा गलतागेट स्थित ईदगाह में अपनी ननिहाल में रहता है और वहीं एक निजी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ता है। गलतागेट चौराहे के पास अचानक चाइनीज मांझा बच्चे के गले में उलझ गया। इससे उसकी गर्दन पर कट लग गया। मांझे को हटाने के प्रयास में उसके हाथ की उंगलियां भी घायल हो गईं।
SMS हॉस्पिटल में कराया उपचार
हादसे के बाद पिता उमर ने स्कूटी रोककर बच्चे को संभाला और उसके गले पर कपड़ा बांधकर तुरंत SMS हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान बच्चे की गर्दन पर 17 टांके लगाए। हाथ की उंगलियों पर भी पट्टी की गई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
चाइनीज मांझे पर रोक लगाने की मांग
उमर ने बताया कि वह बेटे को उसकी दादी से मिलवाने के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। फिलहाल बच्चे की तबीयत ठीक है। उन्होंने चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगाने और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Comment List