खोल के हनुमानजी मंदिर में लक्खी अन्नकूट आज: 61 भट्टियां, 22 चूल्हे, 13 खंडों में होगी पंगत प्रसाद की व्यवस्था, पांच हजार कार्यकर्ता संभालेंगे व्यवस्थाएं
सभी देवालयों में लगेगा छप्पन भोग
जयपुर। श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में रविवार को 66वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा। द्वादश ज्योतिर्लिंग, सियारामजी, हनुमानजी, मां गायत्री, वैष्णो माता और अन्नपूर्णा माता सहित परिसर के सभी देवालयों में अन्नकूट एवं छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर साढ़े बारह बजे से रात 11 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी शुरू होगी। समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि रविवार को सुबह हनुमानजी महाराज के अभिषेक, चोला धारण, श्रृंगार, छप्पन भोग और फ ल-सब्जियों की झांकी के साथ समारोह की शुरुआत होगी।
सुबह 9 से 10 बजे तक वेद विद्यालय के विद्यार्थी वेद मंत्रों का उच्चारण करेंगे। सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक शिव सत्संग मंडल की ओर से हरिनाम संकीर्तन होगा। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक सुंदर बैंड की ओर से बैंड वादन होगा। सुबह 11:30 बजे जयपुर के संत-महंतों की उपस्थिति में हनुमानजी के अन्नकूट भोग की सामूहिक आरती की जाएगी। दोपहर 12:30 बजे से रात 11 बजे तक लगातार पंगत प्रसादी वितरित की जाएगी। मंदिर की परंपरागत झांकियों के साथ इस बार केदारनाथ की बर्फ की झांकी विशेष आकर्षण होगी। करीब 65 वर्ष पूर्व मात्र ढाई किलो अन्न से शुरू हुआ अन्नकूट महोत्सव आज लक्खी आयोजन का रूप ले चुका है। इस बार मूंग, चौला, बाजरा, चावल, गड़मढ़ सब्जी, कढ़ी, हलवा और भुजिया सहित विभिन्न व्यंजन प्रसादी में शामिल होंगे।

Comment List