विश्व मूवमेंट डिसऑर्डर दिवस: हाथों का कंपन और चाल में बदलाव, हो सकता है मूवमेंट डिसऑर्डर, जद में युवा भी
समय पर पहचान और उपचार से बेहतर हो सकती है जीवन की गुणवत्ता
जयपुर। हाथों में लगातार कंपन, चलने की रफ्तार धीमी होना, शरीर में अकड़न या लिखावट का धीरे-धीरे छोटा होते जाना, इन लक्षणों को अक्सर बढ़ती उम्र का सामान्य असर मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह लापरवाही कई बार गंभीर मूवमेंट डिसऑर्डर की पहचान में देरी का कारण बनती है। मूवमेंट डिसऑर्डर ऐसी न्यूरोलॉजिकल स्थितियां हैं, जो शरीर की गतिविधियों की गति, नियंत्रण और सहजता को प्रभावित करती हैं। एसेंशियल ट्रेमर, डिस्टोनिया, हंटिंगटन रोग, टिक डिसऑर्डर और रेस्टलेस लेग्स सिंड्रोम इसके प्रमुख प्रकार हैं।
शुरुआती संकेतों को पहचानना जरूरी
फोर्टिस हॉस्पिटल जयपुर की कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट एवं मूवमेंट डिसऑर्डर विशेषज्ञ डॉ. इशु गोयल ने बताया कि पार्किंसन रोग में हाथों में कंपन, हाथ-पैरों में अकड़न, रोजमर्रा के काम करने की गति धीमी होना, लिखावट छोटी होना, आवाज धीमी पड़ना और चेहरे के भाव कम होना शुरुआती संकेत हो सकते हैं। कुछ मरीजों में सूंघने की क्षमता कम होना, कब्ज और नींद में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। हालांकि हर कंपन पार्किंसन का संकेत नहीं होता। वहीं डिस्टोनिया में मांसपेशियों के अनैच्छिक संकुचन से शरीर के अंगों में ऐंठन, असामान्य घुमाव या गलत मुद्रा बन सकती है।
युवा भी हो सकते हैं प्रभावित
डॉ. गोयल ने बताया कि डिस्टोनिया और टिक डिसऑर्डर बचपन या किशोरावस्था में भी शुरू हो सकते हैं। कम उम्र में पार्किसन दुर्लभ है, लेकिन संभव है। समय पर पहचान नहीं होने पर पढ़ाई, करियर और सामाजिक जीवन प्रभावित हो सकता है।
संभव है इलाज
विशेषज्ञों के अनुसार इन बीमारियों के लक्षणों को नियंत्रित करने के लिए दवाओं के साथ फिजियोथेरेपी, नियमित व्यायाम, स्पीच एवं स्वैलोइंग थेरेपी और ऑक्यूपेशनल थेरेपी उपयोगी हैं। चुनिंदा मरीजों में दवाओं से पर्याप्त लाभ नहीं मिलने पर डीप ब्रेन स्टिमुलेशन जैसी तकनीक भी विकल्प हो सकती है।

Comment List