''मन की बात'' में PM Modi की बड़ी अपील, ठगी वाले कॉल की संचार साथी ऐप पर करें शिकायत; 5000 करोड़ बचाए
हजारों फर्जी मोबाइल कनेक्शन करवाए रद्द
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे 'संचार साथी' ऐप और पोर्टल पर ठगों के कॉल की शिकायत करें जिससे दूसरे लोगों को भी डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने में मदद मिल सके। मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में बताया कि 'संचार साथी' ऐप बैंक, भुगतान ऐप, दूरसंचार कंपनियां और पुलिस समेत 1600 से अधिक संस्थान इस ऐप से जुड़े हुए हैं। इससे साइबर ठगी के कई प्रयासों को समय रहते नाकाम करने में मदद मिल रही है। अब तक पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के संभावित नुकसान को रोका गया है। यह ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि पुणे में रहने वाले हिमांशु सिंह ने 300 से ज्यादा नंबरों को 'संचार साथी' पर रिपोर्ट किया था। उनके प्रयास से पिछले एक साल में करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द करवाने में मदद मिली है। ऐसे ही आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में रहने वाले विवेक अल्हरी ने संचार साथी पर 900 से ज्यादा फ्रॉड नंबर साझा किए। उनके प्रयास से करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन काटने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा, आप भी इनसे जरूर सीखें। आपकी इस छोटी सी कोशिश से, देश के किसी दूसरे कोने में, किसी परिवार की जीवन-भर की कमाई बच सकती है। उन्होंने कहा कि यदि आपके पास कोई फोन आता है और फोन करने वाला व्यक्ति ओटीपी मांगता है... आप समझ गए कि यह कोई ठग है, आपने फोन काट दिया। लेकिन जिस ठग से आप बच गए, हो सकता है, उसकी अगली कॉल किसी ऐसे बुजुर्ग के पास जाए, जो उसके झांसे में आ जाए। ऐसे में आप 'संचार साथी' पर उस संदिग्ध कॉल की जानकारी जरूर दें।
पीएम मोदी ने बताया कि संचार साथी ऐप से खोया हुआ मोबाइल फोन पाने की उम्मीद भी बढ़ जाती है। अब तक 'संचार साथी' के फोन का आईएमईआई नंबर ब्लॉक करा देने पर कोई व्यक्ति उसमें नया सिम डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। इतना ही नहीं, जैसे ही कोई उस मोबाइल में नया सिम डालकर नेटवर्क से जुड़ने की कोशिश करेगा पुलिस के लिए उसका पता लगाना और आसान हो जाएगा।इसकी मदद से देश-भर में 14 लाख से ज्यादा खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं और उनके मालिकों को वापस भी दे दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं में नशे की बढ़ती लत को एक बड़ी चुनौती बताते हुए युवाओं को नशे से बचाने को परिवार और देश, दोनों के लिए जरूरी बताया है। मोदी ने रविवार को रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' में दिल्ली के एक ऐसे युवक से फोन पर बातचीत की, जिसने नशे की लत, परिवार से बिछड़ने और बेघर होने जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बाद पुनर्वास केंद्र में इलाज लेकर अपनी जिंदगी को नई दिशा दी।
युवक ने बताया कि दसवीं कक्षा में उसने शौक के तौर पर ड्रग्स लेना शुरू किया था, लेकिन धीरे-धीरे यह उसकी आदत बन गई। नशे के लिए वह परिवार से झूठ बोलकर पैसे लेने लगा। पिता, मां और नानी को खोने के बाद वह बेघर हो गया और सड़कों पर रहने को मजबूर हुआ। इस दौरान उसने कई बार नशा छोड़ने की कोशिश की, लेकिन दोबारा इसकी गिरफ्त में आ गया।
युवक के मुताबिक, दिल्ली स्थित सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेज के पुनर्वास केंद्र में इलाज के बाद भी उसे दोबारा नशे की लत लगी। बाद में उसने अपनी समस्याएं केंद्र के लोगों को बताईं और इलाज के साथ रहने की व्यवस्था से जुड़ी मुश्किलों पर भी बात की।
प्रधानमंत्री से बातचीत में युवक ने कहा कि नशे से शुरुआत में भले ही आनंद मिलता हो, लेकिन इसका नुकसान व्यक्ति के साथ उसके परिवार को भी उठाना पड़ता है। उसने नशे की लत से जूझ रहे युवाओं से अपनी जिंदगी को महत्व देने और इस आदत से दूर रहने की अपील की। मोदी ने युवक के संघर्ष और नशे की लत से बाहर निकलने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि उसकी कहानी नशा छोड़ना चाहने वाले दूसरे युवाओं को भी हिम्मत दे सकती है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से बचाने को परिवार और देश, दोनों के लिए जरूरी बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास और नई चीजें सीखने के उत्साह की सराहना की है। मोदी ने रविवार को 'मन की बात' में सरकारी कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि लाखों सरकारी कर्मचारी डिजिटल प्लेटफॉर्म 'आई गॉट कर्मयोगी' पर 17 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध सात हजार से ज्यादा कोर्स को पूरा करने में अच्छा उत्साह और रुचि दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 20-25 साल से सरकारी सेवा में काम कर रहे कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारियों के साथ नई चीजें सीख रहे हैं। इनमें कृत्रिम मेधा (एआई) और इंडियन साइन लैंग्वेज जैसे विषय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एआई और नई तकनीक से जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स में सवा तीन करोड़ से अधिक कोर्स पूरे किए जा चुके हैं।
मोदी ने कहा कि केंद्र के साथ-साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कर्मचारी भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं। इनमें आशा बहनें, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और सफाई कर्मचारी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 'नागरिक देवो भव' मिशन कर्मयोगी का मूल मंत्र है और सरकारी कर्मचारियों में सीखने का उत्साह विकसित भारत की यात्रा में बड़ी ताकत है।

Comment List