चंद्र मिशन की तैयारी तेज! इसरो ने किया ऐसे इंजन का सफल परीक्षण, जो बदलेगा अंतरिक्ष की तस्वीर
परीक्षण में मिली बड़ी कामयाबी
चेन्नई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने महेंद्रगिरि स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में, हाई-थ्रस्ट एलओएक्स -मीथेन इंजन के गैस जनरेटर सबसिस्टम का 200 सेकंड तक सफल लंबे समय तक चलने वाला इग्निशन परीक्षण कर लिया है। यह हाई-थ्रस्ट एलओएक्स-मीथेन इंजन, इसरो के तरल प्रणोदक प्रणाली केन्द्र (एलपीएससी) द्वारा विकसित किया जा रहा है। इसमें विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएससीसी) जैसे अन्य केंद्रों का भी सहयोग लिया गया है, और इसे अगली पीढ़ी के प्रक्षेपण वाहन के लिए तैयार किया जा रहा है। तरल रॉकेट इंजन के विकास में एक बेहतरीन डिजाइन वाला गैस जनरेटर महत्वपूर्ण है। यह ईंधन को जलाकर उच्च दबाव और उच्च तापमान वाली गैस बनाता है। यह गैस एक टर्बाइन को चलाती है, जो टर्बोपंप को ऊर्जा देती है, जिससे तरल प्रणोदक को थ्रस्ट चैंबर तक पहुँचाया जाता है। इस गैस जनरेटर को भारतीय उद्योग में एडिटिव मैन्युफेक्चिर तकनीक के जरिए बनाया गया था।
इस परीक्षण में 31.5 बार के स्थिर गैस जनरेटर चैंबर दबाव को सिम्युलेट किया गया, जो इंजन के 60 प्रतिशत थ्रस्ट स्तर के बराबर है। परीक्षण के दौरान, सुचारू इग्निशन और स्थिर दहन देखा गया। इस परीक्षण से यह साबित हो गया है कि हार्डवेयर 60 प्रतिशत ऑपरेटिंग स्थिति के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। इस हार्डवेयर का उपयोग आगे अन्य ऑपरेटिंग स्थितियों में भी डिजाइन की उपयुक्तता साबित करने के लिए किया जाएगा।
उपर्युक्त परीक्षणों के साथ, हाई थ्रस्ट वाले एलओएक्स-मीथेन इंजन के प्रमुख सब-सिस्टम - जिनमें स्पार्क टॉर्च इग्निशन सिस्टम, स्केल्ड थ्रस्ट चैंबर, फुल-स्केल गैस जनरेटर और एलओएक्स पंप शामिल हैं - ने सफलतापूर्वक अपना विकासात्मक परीक्षण अभियान पूरा कर लिया है। तरल ऑक्सीजन (एलओएक्स) और तरल मीथेन (मेथालॉक्स) इंजन भविष्य के प्रक्षेपण वाहनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। ये बहुत साफ तरीके से जलते हैं और इनसे बहुत कम कालिख निकलती है। साथ ही, ये दोबारा इस्तेमाल के योग्य होते हैं, इन्हें जमीन पर संभालना आसान होता है और भविष्य में पृथ्वी के बाहर (जैसे मंगल ग्रह पर) भी इनका ईंधन तैयार किया जा सकता है। इसरो अपने एलपीएससी के नेतृत्व में'अगली पीढ़ी के प्रक्षेपण वाहन के लिए मेथालॉक्स इंजनों को विकसित कर रहा है। इससे भविष्य में ऐसे भारी क्षमता वाले प्रक्षेपण वाहनों को बनाने में मदद मिलेगी, जो इंसानों को चंद्रमा पर ले जा सकेंगे।
इसरो ने कहा कि दुनिया भर में, लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम अब एलओएक्स -मीथेन इंजनों की ओर बढ़ रहे हैं। इसके कई कारण हैं: ये बहुत साफ तरीके से जलते हैं, इनमें रखरखाव की कम जरूरत पड़ती है और यह इन्हें दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाता है । इसी को देखते हुए इसरो ने अपने अगली पीढ़ी के प्रक्षेपण वाहन के लिए एलओएक्स -मीथेन इंजनों की मुख्य प्रणोदक प्रणाली के रूप में चुना है। इसके साथ ही, 2040 में होने वाले भारत के मानवयुक्त चंद्र मिशन के लिए जरूरी भारी क्षमता वाले प्रक्षेपण वाहनों में भी इन्हीं इंजनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

Comment List