इजरायल में सत्ता का नया खेल, नेतन्याहू को चुनौती देकर आइजेनकोट ने खोला तीसरा रास्ता
इजेनकोट ने सरकार बनाने का बताया नया प्लान
तेल अवीव। इजरायल की याशर पार्टी के नेता गादी आइजेनकोट ने कहा कि यदि व्यापक गठबंधन बनाने के प्रयास विफल रहते हैं, तो वह अपने नेतृत्व में राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह बातचीत को अनिश्चितकाल तक खिंचने नहीं देंगे। अमेरिकी सोशल मीडिया कंपनी एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट में सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपे गए आइजेनकोट ने नया गठबंधन बनाने के लिए तीन संभावित रास्तों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वह बातचीत में गतिरोध दूर करने और सभी उपलब्ध विकल्पों पर विचार करने के लिए करीबी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि बातचीत लंबी खिंचने से जनता में निराशा है।
आइजेनकोट ने कहा कि जनता का समर्थन हासिल करने वाली स्थिर सरकार बनाने के लिए उपलब्ध विकल्पों पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वास मत के लिए नेसेट (इजरायली संसद) में सरकार पेश करना अपेक्षाकृत आसान होगा, जबकि असली चुनौती उसकी दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करना है। आइजेनकोट ने कहा कि सरकार बनाने के लिए उनके पास तीन मुख्य विकल्प हैं और वह प्रत्येक विकल्प पर खुले मन, गहरी जिम्मेदारी की भावना और सफल होने की वास्तविक इच्छा के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
पहले विकल्प के तहत उन्होंने अति-रूढि़वादी यहूदी दलों यानी हरेदीम के साथ गंभीर बातचीत की बात कही। इसका उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जो तोराह के अध्ययन के लिए अपना पूरा समय समर्पित करने वालों की स्थिति बनाए रखते हुए इजरायली सेना की जरूरतों को पूरा करे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन (एजेंसी)ओं का मतलब सभी के लिए अनिवार्य सैन्य सेवा लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता से पीछे हटना नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी योजना सिद्धांतों पर आधारित रूपरेखा तैयार करने का काम जारी है। दूसरे विकल्प के तहत प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ बातचीत शामिल है। आइजेनकोट ने कहा कि समझौते तक पहुंचने के प्रयासों के बावजूद इन बातचीत में बाधाएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, दुर्भाग्य से, लिकुड की बयानबाजी और उसके कामकाज तथा वास्तविक इच्छाशक्ति के बीच बड़ा अंतर है।
आइजेनकोट ने कहा कि एकता केवल राजनीतिक समझौतों से हासिल नहीं की जा सकती, बल्कि इसके लिए वास्तविक साझेदारी और साझा मूल्यों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह लिकुड के साथ बातचीत को एक और मौका देना चाहते हैं। तीसरे विकल्प के तहत आइजेनकोट ने कहा कि यदि व्यापक गठबंधन बनाने के प्रयास विफल रहते हैं, तो वह राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। उनका इरादा शपथ ग्रहण से पहले या उसके बाद इस सरकार का विस्तार करने का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह बातचीत को अनिश्चितकाल तक जारी नहीं रहने देंगे। आइजेनकोट ने कहा, सही समय आने पर मैं अपने नेतृत्व में एक नई और अच्छी सरकार को मंजूरी के लिए नेसेट के समक्ष पेश करूंगा। उन्होंने कहा कि यह रुख बातचीत में शामिल दलों के लिए कोई धमकी नहीं है, बल्कि उस जिम्मेदारी के तहत लिया गया फैसला है, जो उनके अनुसार देश में राष्ट्रीय आपातकाल के बीच उन्हें सौंपी गई है। आइजेनकोट ने नेसेट सदस्यों से अपनी अंतरात्मा के अनुसार फैसला लेने की अपील की कि वे नई सरकार का समर्थन करना चाहते हैं या फिर एक और चुनाव का रास्ता चुनना चाहते हैं, जबकि नेतन्याहू निवर्तमान सरकार के प्रधानमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने नई सरकार बनाने का अवसर गंवाने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यह मानना गलती होगी कि फैसले टालने के लिए अभी पर्याप्त समय है।

Comment List