डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए चिकित्सा विभाग सख्त, जयपुर प्रथम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को विशेष अभियान
सीएमएचओ ने की पानी जमा न होने देने की अपील
जयपुर। डेंगू, मलेरिया सहित मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जयपुर प्रथम जिले में विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत सभी चिकित्सा संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में प्रत्येक शुक्रवार को ड्राई डे मनाया जाएगा। वहीं आमजन से प्रत्येक रविवार को घरों और आसपास के क्षेत्रों में ड्राई डे की गतिविधियां करने की अपील की गई है। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि शुक्रवार को चिकित्सा संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, छतों सहित अन्य स्थानों पर जमा पानी खाली कर मच्छरों के प्रजनन स्रोत समाप्त किए जाएंगे।
उन्होंने संस्थान प्रभारियों और कार्यालयाध्यक्षों को नियमित रूप से गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन रविवार को घरों में कूलर, फ्रिज की ट्रे, टंकियों, गमलों, पुराने टायर और अन्य पात्रों में जमा पानी को खाली कर उनकी सफाई करें। एडीज मच्छर साफ और ठहरे पानी में पनपता है, इसलिए पानी का ठहराव रोकना जरूरी है। उप सीएमएचओ डॉ. मनु शेखावत ने कहा कि नियमित ड्राई डे से डेंगू-मलेरिया की रोकथाम में प्रभावी मदद मिलेगी।

Comment List