पंचायत चुनाव में परिवारों की परीक्षा : राठौड़ का डबल धमाका, तो खर्रा परिवार को तिहरा झटका
यूडीएच मंत्री खर्रा के परिवार के सभी प्रत्याशी हारे
जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनाव में इस बार राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा का इम्तिहान उनके परिजनों के चुनावी नतीजों ने भी लिया। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में कहीं मंत्रियों और विधायकों के परिजनों को मतदाताओं ने नकार दिया तो कहीं नेताओं के बेटे, बहू, पत्नी और बहनों ने जीत हासिल कर अपने घराने का दबदबा कायम रखा। सबसे ज्यादा चर्चा सीकर के श्रीमाधोपुर में शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिजनों की हार और चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू की जीत की रही।
राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी खर्रा अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 17 से हार गईं। छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर के वार्ड 20 से और बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड 19 से चुनाव हार गए। दुर्गा सिंह महज तीन वोट से पराजित हुए। इसी प्रकार भरतपुर से कांग्रेस की सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति में चुनाव हार गए। कांग्रेस से कठूमर विधायक रमेश खींची रमेश खींची की दोनों पुत्रवधुएं दीपिका और बिंदू भी चुनाव हार गईं। सीकर भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति जिला परिषद के वार्ड 3 से हार गईं।
कांग्रेस प्रत्याशी रजनी बाटड़ ने उन्हें 48 वोटों से हराया। इसी प्रकार नावां से कांग्रेस के पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी की बेटी डॉ. कनुप्रिया चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी के बेटे सोनू अहारी को उदयपुर जिले की ऋषभदेव पंचायत समिति के वार्ड 4 से हार का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार भाजपा के नेता शुभकरण चौधरी के परिवार की प्रत्याशी भंवरी देवी झुंझुनूं जिले की गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति के वार्ड 2 में 91 वोटों से हार गईं। सिरोही में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष लीलाराम गरासिया की पत्नी आबूरोड पंचायत समिति के वार्ड 14 से चुनाव हार गईं। पूर्व सांसद नरेन्द्र खींचड़ की बहू अनामिका कुलहरि भी चुनाव हार गईं।
जयपुर की पूर्व जिला प्रमुख रमा चौपड़ा और पूर्व उप जिला प्रमुख मोहन डागर भी चुनाव हार गए। अजमेर में पूर्व विधायक और पूर्व जिला प्रमुख सुशीला पलाड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां कौशल्या देवी भी चुनाव हार गई। आईपीएस और डीआईजी अरशद अली की पत्नी और भाजपा प्रत्याशी जरीना खान भी झुंझुनूं के वार्ड 47 से चुनाव हार गईं। कांग्रेस के विधायक डी.डी. बैरवा की पत्नी बीना बैरवा चुनाव जीत गई। इसी प्रकार पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी और कांग्रेस प्रत्याशी देवांगना चुनाव जीत गई।

Comment List