Nvidia को झटका, अल्फाबेट ने पछाड़ा; अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार
शेयर बाजार में पिछड़ी एनवीडिया
अमेरिका। एआई चिप बाजार की दिग्गज कंपनी Nvidia को शेयर बाजार में लगातार गिरावट के बीच बड़ा झटका लगा है। कंपनी अमेरिका की तीसरी सबसे मूल्यवान कंपनी का स्थान गंवा बैठी है। गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट ने उसे पीछे छोड़ दिया। एनवीडिया का बाजार पूंजीकरण घटकर 3.4 लाख करोड़ डॉलर रह गया, जबकि अल्फाबेट का मूल्यांकन 3.44 लाख करोड़ डॉलर पहुंच गया। एप्पल और माइक्रोसॉफ्ट पहले दो स्थानों पर कायम हैं।
एनवीडिया के शेयर करीब 3 प्रतिशत टूटे। इसके साथ ही कंपनी के शेयरों में लगातार सातवें कारोबारी दिन गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2008 के बाद यह उसकी सबसे लंबी गिरावट है। हैरानी की बात यह है कि कंपनी के तिमाही नतीजे बाजार के अनुमानों से बेहतर रहे, लेकिन निवेशकों का भरोसा नहीं लौट पाया।
एनवीडिया की कमजोरी का असर पूरे तकनीकी बाजार पर दिखा। एसएंडपी 500 में 3.7 प्रतिशत और नैस्डैक में 5.3 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि डाउ जोन्स 1.9 प्रतिशत नीचे रहा। चिप कंपनियों में बिकवाली और तेज रही। एएमडी के शेयर 13.3 प्रतिशत, माइक्रोन के 13.9 प्रतिशत और ब्रॉडकॉम के 12.2 प्रतिशत गिर गए। वहीं, कॉर्निंग 10.9 प्रतिशत और ब्लूम एनर्जी 15.3 प्रतिशत टूटे। एआई क्षेत्र में निवेश की भविष्य की संभावनाओं को लेकर बढ़ती चिंता इस गिरावट की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

Comment List