एशिया कप राइजिंग स्टार्स-2026 : भारत की नेपाल पर 306 रनों से बड़ी जीत, तिलक-कुशाग्र के शतकों से भारत ने बनाया विशाल स्कोर
नेपाल की टीम महज 26 रनों पर ढेर
दोहा। तिलक वर्मा (107)और कुमार कुशाग्र (117) की तूफानी शतकीय पारियों के बाद हर्षित राणा (16 पर 4) और प्रिंस यादव (6 पर 5) की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत-ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया। शुक्रवार को दोहा में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 306 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में नेपाल की टीम महज 26 रनों पर ढेर हो गई, जो लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का चौथा सबसे कम टीम स्कोर है। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 42 रन के स्कोर पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।
सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (26) और अभिषेक शर्मा (9) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभाला और शानदार शतकीय पारियां खेलकर भारतीय पारी को मजबूती दी।दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली। वहीं, पारी के अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने महज 14 गेंदों पर 36 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत के स्कोर को और गति दी। इन दमदार पारियों की बदौलत भारत-ए ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए। इस तरह नेपाल को जीत के लिए 333 रनों का लक्ष्य मिला
26 रन पर ढेर हुई नेपाल टीम : 333 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। भारतीय तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने शुरूआत से ही नेपाली बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नेपाल की पूरी टीम महज 11.3 ओवर में 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
नेपाल के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड : नेपाल का 26 रन पर ऑलआउट होना लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में एक शर्मनाक रिकॉर्ड बन गया। यह इस प्रारूप के इतिहास का चौथा सबसे कम टीम स्कोर है। वहीं, भारत-ए की 306 रनों से जीत भी लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास की आठवीं सबसे बड़ी जीत है।

Comment List