हैक हो सकती है बैंकिंग सुरक्षा, क्वांटम कंप्यूटर तोड़ सकते हैं एन्क्रिप्शन
डिजिटल दुनिया की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
वॉशिंगटन। क्वांटम कंप्यूटर की बढ़ती ताकत आने वाले समय में डिजिटल वित्तीय व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। वैश्विक संस्था IOSCO ने आगाह किया है कि अगले 5 वर्षों में ये कंप्यूटर बैंकिंग और ब्लॉकचेन सिस्टम को सुरक्षित रखने वाले मौजूदा एन्क्रिप्शन को तोड़ने की क्षमता हासिल कर सकते हैं। इससे डिजिटल लेनदेन और वित्तीय आंकड़ों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।
IOSCO ने बैंकों, वित्तीय संस्थानों और फिनटेक कंपनियों से क्वांटम हमलों का मुकाबला करने वाली नई क्रिप्टोग्राफी तकनीक अपनाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। संस्था के मुताबिक कंपनियों को अभी से बदलाव की रूपरेखा तैयार करनी चाहिए और नई तकनीकों का परीक्षण भी शुरू करना चाहिए। इसके लिए तकनीकी साझेदारों के साथ मिलकर काम करने पर भी जोर दिया गया है।
संस्था ने कंपनियों को क्वांटम वॉशिंग से भी सावधान किया है। इसका मतलब है कि क्वांटम तकनीक की वास्तविक क्षमता और परिपक्वता से ज्यादा बड़े दावे करना। विकेंद्रीकृत ब्लॉकचेन नेटवर्क में नई सुरक्षा व्यवस्था लागू करना आसान नहीं होगा। हालांकि, इस दिशा में कई डेवलपर्स समाधान तैयार करने में जुटे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, डिजिटल वित्तीय ढांचे को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अभी से व्यापक तैयारी जरूरी है।

Comment List