1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया पुष्कर में एकादशी स्नान, भजन-कीर्तन से धर्ममय तीर्थनगरी
52 घाटों पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा
पुष्कर। तीर्थ नगरी पुष्कर में कार्तिक मास की देवउठनी प्रबोधनी एकादशी के पावन स्नान के साथ धार्मिक मेले का विधिवत शुभारम्भ हो गया। पंचतीर्थ स्नान के पहले दिन ही पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर धर्मलाभ किया। ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुए स्नान, पूजा-अर्चना और दर्शन का सिलसिला दिनभर जारी रहा। कार्तिक मेले का समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान के साथ होगा। शुक्रवार प्रभात बेला में सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल पहल शुरू हो गई। राजस्थानी परिधान में सजी ग्रामीण महिलाएं मंगलगीत गाते हुए घाटों पर पहुंचीं तो तीर्थ नगरी का वातावरण धार्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा।
भजन-कीर्तन से धर्ममय तीर्थनगरी :
कार्तिक स्नान के साथ ही पुष्कर के मंदिरों, आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया है। कार्तिक पूर्णिमा तक धार्मिक आयोजन निरंतर जारी रहेंगे। मेले में मनोरंजन, खेल-तमाशे, सर्कस, झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगत है, वहीं धार्मिक उद्देश्य से पहुंचे श्रद्धालु भजन-कीर्तन और साधना में रमकर तीर्थ यात्रा को आध्यात्मिक रूप दे रहे हैं। धार्मिक मेले के शुभारंभ पर पुष्कर सरोवर के चीर घाट, ब्रह्म घाट, गऊ घाट, गणगौर घाट, बद्री घाट, वराह घाट और जयपुर घाट सहित प्रमुख घाटों पर दीपदान एवं महाआरती के आयोजन हुए। दीपों की रोशनी, आरती की गूंज और श्रद्धालुओं की सहभागिता से सरोवर के घाटों पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
ब्रह्मा मंदिर में वन-वे व्यवस्था :
एकादशी स्नान को लेकर सरोवर के मुख्य गऊ घाट, हलवाई गली, कपड़ा बाजार, ब्रह्मा मंदिर के बाहर और कपालेश्वर तिराहे सहित प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दर्शनार्थियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए ब्रह्मा मंदिर प्रबंधन ने वन-वे व्यवस्था लागू की।
कल्याणजी का आकर्षक शृंगार :
प्राचीन गऊ घाट स्थित श्री कल्याणजी मंदिर में कार्तिक एकादशी के अवसर पर तुलसी-सालिगराम विवाह उत्सव मनाया गया। इस मौके पर भगवान का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक यिका गया तथा तुलसी-सालिग्राम व भगवान कल्याणजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया।

Comment List