पीएम स्वनिधि योजना में 482.92 करोड़ के ऋण वितरित, लंबित आवेदनों के निस्तारण की चुनौती
योजना का लाभ अंतिम पात्र लाभार्थी तक पहुंच सके
जयपुर। प्रदेश में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अब तक 2.48 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को 3.30 लाख ऋणों के माध्यम से 482.92 करोड़ रुपए का बिना गारंटी ऋण वितरित किया जा चुका है। योजना के जरिए शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी संचालकों को आर्थिक संबल देने और उनके कारोबार को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, बड़ी संख्या में ऋण वितरित होने के बावजूद लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण भी विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
योजना के तहत पथ विक्रेताओं को कारोबार की जरूरत के अनुसार कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे अपना व्यवसाय संचालित करने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकें। बिना किसी गारंटी के ऋण मिलने से छोटे कारोबारियों को साहूकारों और अन्य अनौपचारिक स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है। अब जरूरत इस बात की है कि ऋण के लिए आवेदन करने वाले पात्र पथ विक्रेताओं को अनावश्यक प्रक्रियाओं में नहीं उलझना पड़े। लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनके निस्तारण में तेजी लाई जाए, ताकि योजना का लाभ अंतिम पात्र लाभार्थी तक पहुंच सके।

Comment List