सबका अपना टीवी, सबकी अपनी दुनिया

आज टेलीविजन डे

सबका अपना टीवी, सबकी अपनी दुनिया
आज स्थिति यह है कि कई इंटरनेट कनेक्शन के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म की सदस्यता प्लान में ही दे दी जाती है और इसका विस्तार घर-घर में हो चला है। आंकड़ों का रुख करें तो ऑरमैक्स मीडिया की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक महीने में कम से कम एक बार ऑनलाइन वीडियो देखने वालों की तादाद 664.9 मिलियन (लगभग 66.5 करोड़) है।

आज टेलीविजन डे है। मुझे तो लगता है कि हर दिन ही अब टीवी डे होता है, पर टीवी से जुड़ी पहली याद मुझे अस्सी के दशक की ओर ले जाती है। भोपाल शहर, हमारा कैशोर्य और दिल्ली से ट्रांसफर होकर आए किसी पड़ोसी के पास शटर वाला एक अनूठा ब्लैक एंड व्हाइट वाला बक्सा था, जिसमें मक्खियों जैसी आकृतियां नजर आतीं। फिर एशियाई खेलों के बाद से उसमें तस्वीरें दिखाई देने लगीं और उनके घर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। इस तरह टीवी का दखल बढ़ता चला गया। आगे की कहानी हम सब जानते हैं- कल्ट धारावाहिकों का आना, सोप ओपेरा युग की शुरुआत, फिर सैटेलाइट टीवी चैनलों का आना और उसके बहुत बाद ओटीटी की क्रांति। हम यहां भारत में टीवी के इतिहास की बात नहीं करेंगे, बल्कि यह जानने की कोशिश करेंगे कि टीवी ने हमारी दुनिया, हमारे समाज और परिवारों को किस तरह बदला है। कोरोना के समय के दौरान भारत में ओटीटी युग का विस्तार हुआ। अमेजन और नेटफ्लिक्स पहले आए और उसके बाद ढेर सारे ओटीटी प्लेटफॉर्म आए।

आज स्थिति यह है कि कई इंटरनेट कनेक्शन के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म की सदस्यता प्लान में ही दे दी जाती है और इसका विस्तार घर-घर में हो चला है। आंकड़ों का रुख करें तो ऑरमैक्स मीडिया की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक महीने में कम से कम एक बार ऑनलाइन वीडियो देखने वालों की तादाद 664.9 मिलियन (लगभग 66.5 करोड़) है। यानी देश की कुल आबादी का लगभग 45 प्रतिशत। इस समय देश में सक्रिय पेड सब्सक्रिप्शन 172.6 मिलियन (यानी 17.26 करोड़) हैं। ऑरमैक्स के अनुसार, कनेक्टेड टीवी पर ओटीटी देखने वाले 2026 में 206.9 मिलियन (लगभग 20.7 करोड़) हैं। यह कुल ओटीटी दर्शकों का लगभग 31 प्रतिशत है। ताजा रुझान यह है कि कनेक्टेड टीवी, लैपटॉप और टैबलेट को पीछे छोड़कर स्मार्टफोन के बाद दूसरा सबसे बड़ा स्ट्रीमिंग डिवाइस बन गया है। स्मार्टफोन पर ओटीटी देखने वाले करीब 64.5 करोड़ आंके जा सकते हैं। इन आंकड़ों से साफ होता है कि अब टीवी देखने का तरीका बदल रहा है। देश में अब सबसे ज्यादा टेलीविजन कंटेंट स्मार्टफोन पर देखा जा रहा है। भारत की आबादी का लगभग चवालीस प्रतिशत अब मोबाइल पर टीवी कंटेंट देख रहा है। गुजरे जमाने का टीवी परिवार को और पास-पड़ोस को जोड़ता था। उस दौर में टीवी हमारे घरों के लिविंग रूम का हिस्सा होता था। ओटीटी चैनलों के आने के आसपास दौर एकदम से बदला। अब टीवी मध्य और उच्च मध्यवर्ग के बेडरूम में लग गया। सबका अपना-अपना टीवी और सबका अपना-अपना कंटेंट। स्थिति यह है कि बच्चे जो कंटेंट देखते हैं, उसका पता मां-बाप को नहीं होता।

वे मां-बाप वाले कंटेंट को ह्यओल्ड स्कूलह्ण और ह्यबोरिंगह्ण करार देते हैं। यहां तक कि अब इस पर एक-दूसरे से बात भी नहीं होती। नए जमाने के टीवी ने कुछ अच्छा भी किया है। नेटफ्लिक्स, अमेजॉन जैसे प्लेटफॉर्मों ने जहां एक तरफ भीमकाय हॉलीवुड सिनेमा को, बल्कि विश्व सिनेमा को भी हमारे घरों तक पहुंचा दिया है। अब कान्स, टोरंटो या कार्लोवी वैरी फिल्म समारोहों में पुरस्कृत कोई फिल्म, कोई ईरानी सिनेमा, रूसी सिनेमा या यूरोपीय सिनेमा सीधे आपके घर तक पहुंचता है, बशर्ते आप उस प्लेटफॉर्म की कीमत अदा करने को तैयार हों। दूसरी बड़ी स्थिति यह है कि अब नियत समय पर नियत कंटेंट वाला चलन समाप्त हो गया। अब कोई भी कंटेंट पूरा का पूरा प्लेटफॉर्म पर जारी कर दिया जाता है। ह्यअगले हफ्ते क्या होगाह्ण वाले कौतूहल और इंतजार का बाकायदा अंत हो चुका है। ऐसे में ह्यबिंज वॉचह्ण की परंपरा शुरू हुई है। एक ही बैठक में पूरी की पूरी वेब-सीरीज निपटाने का चलन बढ़ा है। नए जमाने के टीवी ने सिनेमा को एक करारा झटका दिया है। अब लोग बहुधा सिनेमाघरों में इसलिए नहीं जाते, क्योंकि फिल्में देर-सबेर ओटीटी पर आ ही जाती हैं। आज भारत की आबादी करीब 147.7 करोड़ है। 2026 की एमएआई-ईवाई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सिर्फ लगभग 15 करोड़ लोग, यानी आबादी का करीब 10 प्रतिशत, साल में कम से कम एक बार सिनेमा हॉल जाते हैं। ऑरमैक्स के 2019 के सर्वे में पाया गया था कि उस साल 14.57 करोड़ भारतीयों ने कम से कम एक बार थिएटर में फिल्म देखी थी, जो आबादी का 10.5 प्रतिशत था। जरा सोचिए, दस प्रतिशत लोग साल में एक बार ही थिएटर में फिल्म देख रहे हैं। इसी पर फिल्म संसार करोड़ों की कमाई की शेखी बघारता है।

अमेरिका में यह आंकड़ा 53 प्रतिशत और चीन में करीब 29 प्रतिशत है। किसी जमाने में ह्यब्रेकिंग न्यूज़ह्ण देकर समाचारों की बाढ़ लाने वाले टीवी न्यूज़ चैनलों का भी अब तकरीबन अंत हो चुका है। अब समाचारों के लिए लोग सोशल मीडिया पर ज्यादा निर्भर हैं। ओटीटी पर न्यूज देखने का चलन बहुत कम है। तो टेलीविज़न दिवस पर सवाल यह नहीं कि टीवी बचेगा या नहीं। टीवी तो बचा हुआ है, बस उसकी शक्ल बदल गई है। जो सिनेमा कभी सबका साझा उत्सव था, वह साल में कम से कम एक बार जाने वाले दस में से एक भारतीय तक ही पहुंचता है। ऐसे में शायद सबसे जरूरी बात यही है कि स्क्रीन चाहे जितनी बड़ी या छोटी हो, उसके सामने साथ बैठना और देखे हुए पर बात करना न छूटे। कहानियां तब पूरी होती हैं, जब उन्हें सुनने और सुनाने वाला कोई साथ हो। और जब आंखें थक जाएं, तो रेडियो तो है ही, जो आपसे कुछ मांगे बिना आपके साथ चलता रहता है।

Read More नेहरू : राष्ट्र के विराट स्वप्न और एक मनुष्य की अंतरंग विफलताओं के बीच

यूनुस खान
ये लेखक के अपने विचार हैं।

Read More क्लिक के जाल में फंसा आम उपभोक्ता : ई-कॉमर्स और ऐप्स के ‘डार्क पैटर्न’ पर सरकार का शिकंजा

Tags: world tv

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

सबका अपना टीवी, सबकी अपनी दुनिया सबका अपना टीवी, सबकी अपनी दुनिया
आज स्थिति यह है कि कई इंटरनेट कनेक्शन के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म की सदस्यता प्लान में ही दे दी जाती...
ऑल टाइम हाई से लोअर सर्किट पर पहुंचे सोना और चांदी, 1 दिन की सबसे बड़ी गिरावट 
हैक हो सकती है बैंकिंग सुरक्षा, क्वांटम कंप्यूटर तोड़ सकते हैं एन्क्रिप्शन
सुबह 7 बजे मैदान में उतरे जोन उपायुक्त, 1 दिन में 575 कचरा डिपो साफ
प्रदेश में सर्दी दिखाने लगी जोर : फतेहपुर @ 5.5 डिग्री, शेखावाटी इलाकों में सर्दी ज्यादा
पंचायत चुनाव में परिवारों की परीक्षा : राठौड़ का डबल धमाका, तो खर्रा परिवार को तिहरा झटका
कांग्रेस नेताओं के अकाउंट बंद, भड़की युवा कांग्रेस ने मेटा को दी तालाबंदी की चेतावनी