कांग्रेस नेताओं के अकाउंट बंद, भड़की युवा कांग्रेस ने मेटा को दी तालाबंदी की चेतावनी
युवा कांग्रेस ने मेटा को घेरा
नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर भाजपा के इशारे पर कांग्रेस की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि संगठन के नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट और उसकी सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का सिलसिला नहीं रुका तो मेटा के कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। युवा कांग्रेस ने कहा कि महज एक घंटे के भीतर उसके राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिए गए। संगठन ने आरोप लगाया कि मेटा उसके राष्ट्रीय और विभिन्न राज्यों के युवा कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से बिना किसी पूर्व सूचना के पोस्ट हटा रहा है।
संगठन ने कहा कि मेटा को भारत में कारोबार जारी रखना है तो उसे एक स्वतंत्र सोशल मीडिया मंच की तरह काम करना होगा, न कि भाजपा के किसी अग्रिम संगठन की तरह। संगठन ने सवाल किया कि किसके आदेश पर उसके शीर्ष नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित किए गए हैं। युवा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भाजपा के खिलाफ आवाज उठाती है उसकी पोस्ट हटा दी जाती हैं। संगठन ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है और कोई विदेशी कंपनी किसी राजनीतिक दल के इशारे पर इस अधिकार का हनन नहीं कर सकती।
बयान में मेटा को चेतावनी दी गई कि यदि पोस्ट हटाने और आवाज दबाने की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो उसके कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी और भारत में उसका कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। संगठन ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि कांग्रेस के साथ हर दिन ऐसा हो रहा है। युवा कांग्रेस ने कहा कि वह अपने डिजिटल आजादी अभियान के तहत मेटा की कार्रवाई से प्रभावित कंटेंट क्रिएटर्स और स्वतंत्र आवाजों को समर्थन देने के साथ उन्हें कानूनी सहायता भी उपलब्ध करा रही है। अब मेटा के खिलाफ कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर लड़ाई लड़ी जाएगी।

Comment List