दिल्ली की जहरीली हवा से अस्पतालों में मरीज, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
मरीजों ने बताई पीड़ा
नई दिल्ली। बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदूषण से पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जानकारी ली। इस मौके पर यादव ने कहा कि प्रदूषण के कारण दिल्ली के हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि सरकार ने राजधानी के लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और उनकी परेशानियों को समझा।
यादव ने आरोप लगाया कि दिवाली के बाद से प्रदूषण की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि इससे पहले भी प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी प्रतिबंध या ठोस कदम नहीं उठाए गए। प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता रहा लेकिन सरकार इसे रोकने के लिए कोई गंभीर प्रयास करती नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि सरकार की निष्क्रियता का खामियाजा दिल्लीवासियों को भुगतना पड़ रहा है। राजधानी में रहने वाले लोगों की ङ्क्षजदगी नर्क से भी बदतर होती जा रही है।

Comment List