पंचायत चुनाव में परिवारवाद का इम्तिहान, कहीं दिग्गजों के घर मात तो कहीं बेटे-बहुओं ने गाड़े जीत के झंडे
मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के सभी प्रत्याशी हारे
जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनाव में इस बार राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा का इम्तिहान उनके परिजनों के चुनावी नतीजों ने भी लिया। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में कहीं मंत्रियों और विधायकों के परिवारों को मतदाताओं ने नकार दिया तो कहीं नेताओं के बेटे, बहू, पत्नी और बहनों ने जीत हासिल कर अपने राजनीतिक घराने का दबदबा कायम रखा। सबसे ज्यादा चर्चा सीकर के श्रीमाधोपुर में शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार और चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू की जीत की रही।
हार से चर्चा में रहे ये राजनीतिक परिवार
• झाबर सिंह खर्रा (भाजपा): मंत्री की पत्नी शांति देवी खर्रा अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 17 से हार गईं। छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर के वार्ड 20 से और बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड 19 से चुनाव हार गए। दुर्गा सिंह महज तीन वोट से पराजित हुए।
• संजना जाटव (कांग्रेस): भरतपुर सांसद के जेठ श्रीनिवास जाटव अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति में चुनाव हार गए।
• रमेश खींची (कांग्रेस): कठूमर विधायक की दोनों पुत्रवधुएं दीपिका और बिंदू चुनाव हार गईं।
• मनोज बाटड़ (भाजपा): सीकर भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी गणपति जिला परिषद के वार्ड 3 से हार गईं। कांग्रेस प्रत्याशी रजनी बाटड़ ने उन्हें 48 वोटों से हराया।
• महेंद्र चौधरी (कांग्रेस): नावां के पूर्व विधायक की बेटी डॉ. कनुप्रिया चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा।
• नानालाल अहारी (भाजपा): उदयपुर जिले की ऋषभदेव पंचायत समिति के वार्ड 4 से पूर्व विधायक के बेटे सोनू अहारी चुनाव हार गए।
• शुभकरण चौधरी (भाजपा): झुंझुनूं जिले की गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति के वार्ड 2 में उनके परिवार की प्रत्याशी भंवरी देवी 91 वोटों से हार गईं।
• लीलाराम गरासिया (कांग्रेस): सिरोही कांग्रेस जिलाध्यक्ष की पत्नी आबूरोड पंचायत समिति के वार्ड 14 से चुनाव हार गईं।
इन नतीजों से साफ है कि बड़े राजनीतिक नाम और परिवार की पहचान हर जगह जीत की गारंटी नहीं बन सकी।
जीत से इन राजनीतिक घरानों ने बढ़ाया दबदबा
• राजेंद्र राठौड़ (भाजपा): चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ ने जिला परिषद के वार्ड 39 और बहू कनिका सिंह राठौड़ ने वार्ड 23 से जीत दर्ज की। परिवार ने दोहरी सफलता हासिल की।
• हनुमान बेनीवाल (आरएलपी): नागौर पंचायत समिति के वार्ड 5 से उनकी बहन दाखू देवी चुनाव जीत गईं।
• रामेश्वर डूडी और सुशीला डूडी (कांग्रेस): बीकानेर जिला परिषद में पूर्व कांग्रेस नेता स्वर्गीय रामेश्वर डूडी और विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी ने जीत दर्ज की।
• शंकरलाल डेचा (भाजपा): डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति के वार्ड 14 से विधायक की बेटी शांति डेचा ने जीत हासिल की।
• धीरज गुर्जर (कांग्रेस): भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर पंचायत समिति के वार्ड 2 से कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव की मां सीता देवी चुनाव जीत गईं।
• खेमराज कटारा और सज्जन कटारा (कांग्रेस): उदयपुर की गिर्वा पंचायत समिति के वार्ड 4 से पूर्व मंत्री खेमराज कटारा और पूर्व विधायक सज्जन कटारा के बेटे विवेक कटारा ने जीत दर्ज की।
• नरेंद्र खींचड़ (भाजपा): झुंझुनूं में पूर्व सांसद और निवर्तमान जिला प्रमुख की पुत्रवधू हर्षिणी कुलहरी ने जिला परिषद का चुनाव जीता।
• गोविंद मेघवाल (कांग्रेस): बीकानेर में पूर्व मंत्री की बेटी सरिता मेघवाल ने जीत हासिल की।
राजनीतिक संदेश: विरासत से ज्यादा उम्मीदवार की अपनी पकड़ अहम पंचायत चुनाव के ये नतीजे राजनीतिक परिवारों के लिए मिले-जुले रहे। एक तरफ राजेंद्र राठौड़ जैसे दिग्गजों के परिवार ने दोहरी जीत दर्ज की तो दूसरी तरफ सत्तारूढ़ सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के तीनों प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस और भाजपा के सांसदों, विधायकों तथा जिलाध्यक्षों के परिजनों को भी अलग-अलग क्षेत्रों में हार-जीत मिली। ग्रामीण राजनीति में इन नतीजों का महत्व इसलिए भी है कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव केवल व्यक्तिगत जीत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में भी इनकी भूमिका अहम होती है।

Comment List