सुपोषित बचपन और स्वस्थ मातृत्व से साकार होगा विकसित राजस्थान का संकल्प : मुख्यमंत्री
पोषण स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि सुपोषित बचपन, स्वस्थ मातृत्व और सशक्त समाज के निर्माण से ही विकसित राजस्थान का संकल्प साकार हो सकेगा। इसी उद्देश्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार पोषण सेवाओं को प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य और महिलाओं का पोषण सुनिश्चित करना केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
सरकार का प्रयास है कि पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी बच्चा बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के अधिकार से वंचित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि कुपोषण की चुनौती से निपटने के लिए जनभागीदारी, जागरूकता और प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चे ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं। राज्य सरकार इसी सोच के साथ पोषण सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाकर प्रत्येक बच्चे के बेहतर भविष्य और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Comment List