जयपुर द्वितीय में 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान, 4.24 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
अभियान में 15,362 स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे तैनात
जयपुर। जयपुर द्वितीय जिले में 22 नवंबर, रविवार को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 2647 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 24 हजार 691 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।
अभियान के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। आरसीएचओ डॉ. प्रमिला मीणा ने बताया कि अभियान के लिए 14,546 वैक्सीनेटर और 816 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। साथ ही 153 ट्रांजिट और 635 मोबाइल टीमें घर-घर जाकर टीकाकरण करेंगी। अभियान में कुल 15,362 कार्मिक तैनात रहेंगे। जिला स्तरीय अधिकारी अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।

Comment List