वी. श्रीनिवास ने सियोल सम्मेलन को वैश्विक सुशासन में एशिया की बढ़ती भूमिका का प्रतीक बताया
सुशासन सूचकांक को बताया बड़ी उपलब्धि
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने सियोल सम्मेलन-2026 को वैश्विक सुशासन में एशिया की बढ़ती भूमिका का प्रतीक बताया। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल प्लेटफॉर्म और बड़े आंकड़ों का प्रभावी प्रबंधन भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार होंगे। श्रीनिवास ने कहा कि सम्मेलन में पांच अनुच्छेदों वाली सियोल घोषणा को अंगीकार किया गया, जिसमें सामाजिक मूल्यों को विकास के केंद्र में रखने और सरकार, उद्योग जगत, नागरिक समाज तथा शिक्षण संस्थानों के साझा प्रयासों से समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।
उन्होंने आईआईएएस सुशासन सूचकांक को संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके वैज्ञानिक निदेशक प्रो. मार्को डे ला क्रूज के योगदान की सराहना की। साथ ही वर्ष 2027 में मैक्सिको सिटी में होने वाले सम्मेलन का उल्लेख किया। श्रीनिवास ने सम्मेलन में शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले 373 प्रतिनिधियों और आयोजन दल का आभार जताया। उन्होंने आईआईएएस के निवर्तमान महानिदेशक डॉ. सोफियान सहराउई की नौ वर्षों की सेवाओं की भी सराहना की।

Comment List