मैं कोटा बैराज... 66 साल का हुआ, अब मरम्मत की दरकार

चंबल का प्रहरी छह दशक से कोटा की खुशहाली और पांच लाख हेक्टेयर जमीन की सिंचाई का बना आधार

मैं कोटा बैराज... 66 साल का हुआ, अब मरम्मत की दरकार
जीर्णोद्धार के लिए 72.86 करोड़ रुपए स्वीकृत, तीन बार टेंडर के बावजूद एजेंसी का नहीं हुआ चयन।

कोटा। चम्बल के पानी से कोटा की खुशहाली की कहानी लिखने वाला कोटा बैराज शुक्रवार, 20 नवंबर को अपने जीवन के 66 वर्ष पूरे कर लेगा। छह दशक से अधिक समय से शहर की पेयजल जरूरतों, बिजली उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों और राजस्थान-मध्यप्रदेश के लाखों किसानों की सिंचाई का आधार बना यह बैराज अब खुद मरम्मत की बाट जोह रहा है। कभी अपनी मजबूत दीवारों और विशाल जलराशि के दम पर विकास की धुरी रहा बैराज अब उम्र के ऐसे पड़ाव पर है, जहां उसे व्यापक रखरखाव और जीर्णोद्धार की जरूरत है।चम्बल नदी पर बने चार प्रमुख बांधों में शामिल कोटा बैराज महज पानी रोकने और छोड़ने का ढांचा नहीं, बल्कि हाड़ौती की अर्थव्यवस्था और विकास की जीवनरेखा है।

1953 में शुरू हुआ निर्माण, नेहरू ने किया था लोकार्पण
कोटा बैराज का निर्माण वर्ष 1953 में चम्बल घाटी परियोजना के तहत शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य चम्बल नदी के पानी का व्यवस्थित उपयोग, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र का आर्थिक विकास करना था। निर्माण पूरा होने के बाद 20 नवंबर 1960 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इसका लोकार्पण किया था। तब से अब तक बैराज कोटा के विकास का महत्वपूर्ण आधार बना हुआ है।

बैराज में पानी के संग्रहण और नियंत्रित निकासी से डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल उपलब्धता बनी रहती है। चम्बल के पानी से शहर की पेयजल व्यवस्था, कोटा थर्मल बिजलीघर और औद्योगिक इकाइयों की जरूरतें पूरी होती हैं। वहीं नहरों के माध्यम से राजस्थान और मध्यप्रदेश की करीब पांच लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का पानी मिलता है।

66 साल बाद कमजोर पड़ने लगी सेहत
लगातार जल दबाव, मौसम की मार और जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच छह दशक से अधिक समय से काम कर रहे बैराज की संरचनात्मक स्थिति की जांच और मरम्मत जरूरी हो गई है। केंद्रीय जल आयोग की टीम भी इसकी स्थिति का निरीक्षण कर चुकी है। इसके बाद विश्व बैंक से बैराज की मरम्मत और जरूरी कार्यों के लिए 72.86 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हुआ है।

Read More Voice of Youth : सेल्फी में कैद हो रही जिंदगी, तस्वीरों से संवर रहा युवाओं का मूड

यह काम चम्बल नदी पर स्थित जवाहर सागर और राणाप्रताप सागर बांधों के जीर्णोद्धार के साथ ड्रिप फेज-दो योजना में होना है। इसके लिए तीन बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन दो बार किसी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई। तीसरी बार दो कंपनियों की दरें अधिक होने के कारण टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब विभाग फिर से टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है।

Read More असर खबर का - जलकुंभी हुई साफ, दुर्गंध से मिली राहत

फैक्ट फाइल : कोटा बैराज
निर्माण प्रारंभ : 1953
लोकार्पण : 20 नवंबर 1960
आयु : 66 वर्ष
रेडियल गेट : 19
स्लूज गेट : 2
जलस्तर : 854 फीट
कुल जलभराव क्षमता : 3957 मिलियन घन फीट
कुल लंबाई : 552 मीटर
सिंचित भूमि : करीब 5 लाख हेक्टेयर

Read More नए ड्राइवरों का टेस्ट ले रहा बदहाल ट्रैक, गड्ढों में अटका लाइसेंस का रास्ता; 75 लाख की मरम्मत को जयपुर से मंजूरी का इंतजार

तीन बांधों का होगा जीर्णोद्धार
कोटा बैराज सहित जवाहर सागर और राणाप्रताप सागर बांधों का जीर्णोद्धार ड्रिप फेज-दो योजना के तहत कराया जाएगा। तीन बार टेंडर प्रक्रिया अपनाने के बावजूद एजेंसी का चयन नहीं हो सका। अब नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी है।
- राजेन्द्र कुमावत, कनिष्ठ अभियंता, जल संसाधन विभाग

Post Comment

Comment List

Latest News

सुपोषित बचपन और स्वस्थ मातृत्व से साकार होगा विकसित राजस्थान का संकल्प : मुख्यमंत्री  सुपोषित बचपन और स्वस्थ मातृत्व से साकार होगा विकसित राजस्थान का संकल्प : मुख्यमंत्री 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि सुपोषित बचपन, स्वस्थ मातृत्व और सशक्त समाज के निर्माण से ही विकसित राजस्थान...
वी. श्रीनिवास ने सियोल सम्मेलन को वैश्विक सुशासन में एशिया की बढ़ती भूमिका का प्रतीक बताया
मैं कोटा बैराज... 66 साल का हुआ, अब मरम्मत की दरकार
न नौकरी बढ़ रही, न वेतन... जयराम ने केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर उठाए सवाल
उड़ानें ठप, सेवाएं बाधित... ट्रंप ने साइबर प्रमुख को हटाया
Weather Update : उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, फतेहपुर में पारा 6 डिग्री से नीचे 
जयपुर द्वितीय में 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान, 4.24 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक