नए ड्राइवरों का टेस्ट ले रहा बदहाल ट्रैक, गड्ढों में अटका लाइसेंस का रास्ता; 75 लाख की मरम्मत को जयपुर से मंजूरी का इंतजार
जगपुरा आरटीओ का ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक खुद मरम्मत का इंतजार कर रहा
कोटा। सड़क पर वाहन चलाने से पहले चालक की दक्षता और कुशलता परखने के लिए ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता है, लेकिन कोटा में टेस्ट लेने वाला ट्रैक ही बदहाली का शिकार है। जगपुरा स्थित प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। कहीं गड्ढे हैं तो कहीं ट्रैक की सतह धंस गई है। ऐसे में नए वाहन चालकों को अपनी ड्राइविंग क्षमता साबित करने से पहले बदहाल व्यवस्था से जूझना पड़ रहा है। ट्रैक के आसपास उगी झाड़ियों ने भी इसकी दुर्दशा बढ़ा दी है। विडंबना यह है कि करीब पांच साल पहले तैयार हुए इस आधुनिक ट्रैक की मरम्मत के लिए अब 75 लाख रुपए के बजट का इंतजार है।
कोटा में ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक वर्ष 2021 में बनकर तैयार हुआ था। इसी साल यहां सेंसर और कैमरों की निगरानी में ड्राइविंग टेस्ट लेने की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य मानवीय हस्तक्षेप कम कर पारदर्शी तरीके से आवेदकों की वाहन चलाने की क्षमता का परीक्षण करना था। लेकिन नियमित रखरखाव के अभाव में अब ट्रैक की हालत खराब होने लगी है। टेस्ट देने आने वाले आवेदकों को गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों के बीच वाहन चलाना पड़ता है। इससे कुछ आवेदकों को दोबारा टेस्ट देने की परेशानी भी उठानी पड़ रही है।
गड्ढे देखकर घबरा जाते हैं नए चालक
थेगड़ा क्षेत्र निवासी रूप नारायण यादव का कहना है कि ड्राइविंग ट्रैक की हालत काफी खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चलाते समय परेशानी होती है। नए चालक पहले ही टेस्ट को लेकर दबाव में रहते हैं। ऐसे में सामने गड्ढे देखकर वे घबरा जाते हैं और अचानक असहज होने से उनका पूरा ट्रायल बिगड़ जाता है। ट्रैक के आसपास काफी झाड़ियां उग आई हैं, जिन्होंने बड़े हिस्से को घेर रखा है।
75 लाख का प्रस्ताव जयपुर भेजा
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष शर्मा के अनुसार ड्राइविंग ट्रैक के रखरखाव और मरम्मत के लिए बजट की मांग करते हुए प्रस्ताव भेजा गया है। कृषि विपणन बोर्ड की ओर से मरम्मत कार्य कराया जाएगा। बोर्ड ने सर्वे के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है। करीब 75 लाख रुपए का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए जयपुर भेजा गया है। इसके तहत परिवहन कार्यालय की बिल्डिंग, ड्राइविंग ट्रैक और अन्य सुविधाओं का रखरखाव किया जाएगा। परिसर की बाउंड्रीवॉल की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी। मार्च से पहले बजट मिलने की उम्मीद है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू करवाया जाएगा।
टेस्ट में पास-फेल पर असर नहीं : आरटीओ
आरटीओ के अनुसार ट्रैक का एक हिस्सा धंसा हुआ है, जिसे दुरुस्त कराने के लिए बजट की जरूरत है। हालांकि मौजूदा गड्ढों से ड्राइविंग टेस्ट में कोई बड़ी बाधा नहीं आती। आवेदक इस हिस्से से आसानी से वाहन निकाल सकते हैं और इसका टेस्ट में पास या फेल होने पर कोई असर नहीं पड़ता। फिलहाल विभाग को मरम्मत प्रस्ताव की स्वीकृति का इंतजार है।

Comment List