Voice of Youth : मोबाइल की दुनिया से निकलकर किताबों की ओर लौट रहा युवा
ज्ञान, करियर और व्यक्तित्व विकास के साथ साहित्य को भी दे रहे महत्व
कोटा। डिजिटल दौर में जहां मोबाइल और सोशल मीडिया युवाओं की दिनचर्या का अहम हिस्सा बन चुके हैं, वहीं अब नई पीढ़ी का एक वर्ग इस आभासी दुनिया से निकलकर किताबों की ओर रुख कर रहा है। रील्स देखने और घंटों मोबाइल पर समय बिताने के बजाय युवा अब ज्ञानवर्धक पुस्तकों को पढ़ने में रुचि दिखा रहे हैं। खास बात यह है कि उनकी पसंद केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने पसंदीदा व्यक्तित्वों, महापुरुषों और सफल लोगों के जीवन के बारे में किताबों के माध्यम से विस्तार से जानना चाहते हैं। किसी व्यक्ति से सोशल मीडिया पर प्रभावित होने के बाद युवा उसकी जीवनी, विचारों और संघर्षों को पढ़कर उससे प्रेरणा लेने का प्रयास कर रहे हैं।
युवाओं की सोच अब अपने कॉलेज, शहर या जिले तक सीमित नहीं रह गई है। वे देश-दुनिया की राजनीति, अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, दर्शनशास्त्र और सामाजिक परिस्थितियों को समझने के लिए भी किताबों का सहारा ले रहे हैं। आत्मविकास, मोटिवेशन, अर्थशास्त्र, करियर, सफलता और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी पुस्तकों के साथ काल्पनिक साहित्य भी उनकी पसंद में शामिल हैं। हिन्दी साहित्य और क्लासिक पुस्तकों के प्रति भी नई पीढ़ी का रुझान बढ़ रहा है। दैनिक नवज्योति के 'वॉयस ऑफ यूथ' में युवाओं ने पढ़ने की बदलती आदतों और किताबों के प्रति अपने आकर्षण को कुछ इसी तरह बयां किया।
मोबाइल से थक चुका युवा
अब युवा मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर किताबों की ओर लौट रहे हैं। खास बात यह है कि नई पीढ़ी में हिंदी साहित्य और क्लासिक किताबों का आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है। प्रेमचंद, महादेवी वर्मा और हरिवंश राय बच्चन के साहित्य के साथ कविता, दर्शन और अपनी जड़ों से जुड़ी किताबें युवाओं की पसंद बन रही हैं। पुरानी किताबें नए अंदाज में लोकप्रिय हो रही हैं और पढ़ने की संस्कृति फिर से जगह बना रही है। किताबें पढ़ने से न केवल नई जानकारियां मिलती हैं, बल्कि सोचने-समझने का नजरिया भी विकसित होता है।
-राजवीर गुर्जर, स्टूडेंट
युवा पहले से अधिक जिज्ञासु
आज का युवा पहले की अपेक्षा अधिक व्यावहारिक और जिज्ञासु हो गया है। उसकी किताबों के चयन में अब जीवन की वास्तविक चुनौतियां प्रमुख हैं। वह ऐसी पुस्तकें पढ़ना चाहता है, जो उसे सफलता की राह दिखाएं और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। वह अपनी अलग पहचान बनाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने के सपने देखता है। मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। युवा अब केवल समय बिताने के लिए नहीं, बल्कि कुछ नया सीखने और अपनी क्षमताओं को पहचानने के उद्देश्य से किताबें पढ़ता है।
-हेमलता मीणा, स्टूडेंट
देश-विदेश की जानकारी पढ़ना पसंद
मोबाइल से बेहतर किताबें हैं। जब भी फ्री टाइम मिलता है तो अपनी पसंदीदा किताबें पढ़ते हैं। हमारे देश के बड़े-बड़े राजनेता इतने ऊंचे पदों तक कैसे पहुंचे और उनके जीवन में किस तरह के संघर्ष रहे, इसके बारे में किताबों में बेहतर तरीके से जानकारी मिलती है। साथ ही देश-विदेश की घटनाओं और परिस्थितियों को भी समझने का मौका मिलता है। हमारे देश की कानून व्यवस्था और संविधान के बारे में भी किताबों में विस्तार से बताया गया है। किताबें पढ़ने से किसी विषय को गहराई से समझने में मदद मिलती है और सामान्य ज्ञान भी बढ़ता है।
-मनोज कुमार, स्टूडेंट
नॉवेल पढ़ना पसंद
मोबाइल पर फालतू रील देखने से ज्यादा अच्छा है कि किताबें पढ़ी जाएं। बाजार से नॉवेल खरीदकर लाते हैं और खाली समय में उन्हें पढ़ते हैं। इसके साथ ही महापुरुषों की जीवनियां पढ़ना भी काफी अच्छा लगता है। उनकी जिंदगी के संघर्ष, उपलब्धियां और विचार हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।किताबों में कहानियों को जिस तरह विस्तार से बताया जाता है, उससे उनके किरदारों और भावनाओं को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं। किताबें पढ़ने से मनोरंजन के साथ नई सोच और कल्पनाशक्ति का भी विकास होता है।
-आर्यन सिंह, स्टूडेंट

Comment List