Voice of Youth : बॉडी बनाने के लिए सप्लीमेंट्स का बढ़ता क्रेज, सेहत पर पड़ सकता है भारी!
सिक्स पैक की चाहत में सप्लीमेंट्स का बढ़ता चलन, विशेषज्ञ की सलाह के बिना सेवन से खतरा
कोटा । आज के दौर में युवाओं पर फिट और आकर्षक दिखने का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। सिक्स पैक एब्स हों या मजबूत मसल्स, हर कोई शानदार बॉडी बनाने की चाहत रखता है। इसके लिए युवा जिम में घंटों पसीना बहाने के साथ सप्लीमेंट्स का सहारा भी लेने लगे हैं। खास बात यह है कि कई युवा जिम में ट्रेनर की सलाह पर सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं, लेकिन इनके फायदे और संभावित दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कम है। दैनिक नवज्योति के 'वॉयस ऑफ यूथ' अभियान में युवाओं ने बॉडी बनाने के लिए सप्लीमेंट्स की जरूरत और प्राकृतिक खानपान के महत्व पर खुलकर अपनी राय रखी।
सप्लीमेंट्स से बनती है आकर्षक बॉडी
जिम जाने से बॉडी बनती है, लेकिन अच्छी और आकर्षक बॉडी बनाने के लिए सही डाइट के साथ सप्लीमेंट्स भी मददगार हो सकते हैं। इसके साथ फल और पौष्टिक आहार लेना भी जरूरी है, ताकि शरीर को पर्याप्त पोषण मिले और मसल्स का बेहतर विकास हो। हालांकि, सप्लीमेंट्स का सेवन विशेषज्ञ की सलाह और जरूरत के अनुसार ही करना चाहिए।
- उदय गुरु मेहरा, स्टूडेंट
नहीं लेना चाहिए सप्लीमेंट्स
जिम जाना अच्छी बात है, लेकिन सप्लीमेंट्स लेना सही नहीं है। लगातार सेवन से इन पर निर्भरता बढ़ सकती है और इनके दुष्प्रभाव भी सामने आ सकते हैं। इससे बेहतर है कि घर पर ही ड्राईफ्रूट्स पीसकर उसमें केला और दूध मिलाकर शेक बनाएं। इससे शरीर को पोषण और ताकत मिलेगी। प्राकृतिक खानपान को प्राथमिकता देना ज्यादा बेहतर है।
-लव प्रजापति, स्टूडेंट
फ्रूट्स से भी बन सकती है अच्छी बॉडी
बॉडी बनाने के लिए सप्लीमेंट्स लेना जरूरी नहीं है। सेहत बनाने के कई प्राकृतिक तरीके हैं। इसके लिए हरी सब्जियों का सेवन करना चाहिए। घर पर दूध पीने के साथ केला, सेब और अन्य मौसमी फलों को डाइट में शामिल करना चाहिए। इसके अलावा प्रतिदिन सुबह दौड़ लगानी चाहिए। जिम जाना अच्छी बात है, लेकिन सप्लीमेंट्स से दूरी रखना बेहतर है।
- तान्या शर्मा, स्टूडेंट
ज्यादा मात्रा में सेवन ठीक नहीं
जिम जाने वालों के लिए सप्लीमेंट्स मददगार हो सकते हैं, लेकिन इनका सेवन जरूरत से ज्यादा नहीं करना चाहिए। अधिक मात्रा में लेने से शरीर पर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। इसलिए बिना जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह के इनका सेवन करना ठीक नहीं है। शरीर बनाने के लिए संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम पर भी ध्यान देना जरूरी है।
-अलिशा गौड़, स्टूडेंट
सप्लीमेंट्स नहीं, प्राकृतिक डाइट अपनाओ!
आजकल युवाओं में बॉडी बनाने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इसके लिए जिम में घंटों पसीना बहाने के साथ सप्लीमेंट्स का सेवन भी किया जा रहा है, लेकिन मेरी राय में शरीर बनाने के लिए इन पर निर्भर रहना सही नहीं है। नियमित दौड़, योग और व्यायाम के साथ दूध, फल, हरी सब्जियां और काजू-बादाम जैसे पौष्टिक आहार को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इससे शरीर को जरूरी पोषण मिलेगा और फिटनेस भी बनी रहेगी।
-पिंटू मेघवाल, स्टूडेंट

Comment List