ब्लैकस्पॉट सुधार की रफ्तार सुस्त, जयपुर-आगरा और जयपुर-कोटा मार्ग पर स्थायी समाधान का इंतजार
11 स्थानों पर काम प्रगति पर
जयपुर। राजस्थान में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए चिह्नित ब्लैकस्पॉट्स पर अल्पकालिक सुरक्षा उपाय तो पूरे कर लिए गए हैं, लेकिन स्थायी सुधार कार्यों की धीमी रफ्तार चिंता बढ़ा रही है। खासतौर पर जयपुर-आगरा और जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। जयपुर-आगरा NH-21 पर चिह्नित 50 ब्लैकस्पॉट्स में एक भी स्थान पर दीर्घकालिक सुधार कार्य पूरा नहीं हुआ है। इनमें 11 स्थानों पर काम प्रगति पर है, जबकि सात स्थानों के 474 करोड़ रुपए के प्रस्ताव टूरिज्म ट्रैफिक जोन (TTZ) क्लीयरेंस के इंतजार में अटके हैं। मंजूरी मिलने के बाद ही इन कार्यों के लिए दोबारा बिड आमंत्रित की जाएगी। इसी तरह जयपुर-कोटा NH-52 के 43 ब्लैकस्पॉट्स पर भी दीर्घकालिक सुधार कार्यों की पूर्णता शून्य है।
प्रदेशभर के 587 चिह्नित ब्लैकस्पॉट्स पर शॉर्ट टर्म उपाय 100 प्रतिशत पूरे होने के बावजूद स्थायी सुधार की तस्वीर संतोषजनक नहीं है। 92 स्थानों पर 1,865.16 करोड़ रुपए के काम प्रगतिरत हैं, जबकि 15 स्थानों के 433.74 करोड़ रुपए के कार्य बिडिंग प्रक्रिया में हैं। 14 स्टैंडअलोन ब्लैकस्पॉट अभी DPR चरण में हैं। ऐसे में असली चुनौती कागजी प्रगति को धरातल पर उतारकर दुर्घटना संभावित स्थलों को सुरक्षित बनाने की है।

Comment List