जिला प्रमुख-उप जिला प्रमुख के बाद अब प्रधान-उप प्रधान के चुनाव की बारी, पढ़े पूरी खबर
कोटा सहित चार जिलों में दिसंबर में पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया
जयपुर। प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तहत जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। अब ग्रामीण सरकार के दूसरे महत्वपूर्ण स्तर यानी पंचायत समितियों में प्रधान और उप प्रधान चुनने की तैयारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इसके साथ ही इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के निर्वाचित बोर्डों के गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
यह रहेगा चुनावी कार्यक्रम :
प्रधान और उप प्रधान के चुनाव संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर होंगे। चुनाव प्रक्रिया के तहत सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यदि निर्विरोध निर्वाचन नहीं होता है तो दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
4 जिलों में 17 दिसंबर को मतगणना 22 से 25 दिसंबर तक होंगे चुनाव :
प्रदेश के शेष चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की प्रक्रिया दिसंबर में पूरी होगी। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 17 दिसंबर को सुबह 8 बजे से होगी। इसके बाद 22 दिसंबर को जिला प्रमुख, 23 दिसंबर को उप जिला प्रमुख, 24 दिसंबर को प्रधान और 25 दिसंबर को उप प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इन चारों जिलों में मौजूदा जिला परिषद और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा होने के कारण निर्वाचन आयोग ने अलग कार्यक्रम निर्धारित किया है। इस तरह 37 जिलों में 28 नवंबर तक और शेष चार जिलों में 25 दिसंबर तक पंचायत समितियों एवं जिला परिषदों के प्रमुख पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

Comment List