पीएम श्री विद्यालयों में कौशल बोध को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में व्यावसायिक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका
जयपुर। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से पीएम श्री विद्यालयों में संचालित कौशल बोध कार्यक्रम को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को जयपुर मे शुरू हुआ। प्रशिक्षण की अध्यक्षता व्यावसायिक शिक्षा की उपायुक्त सुनीता यादव ने की। प्रशिक्षण में प्रत्येक जिले से एक शिक्षक, व्यावसायिक प्रशिक्षक और डाइट प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिन्हें मुख्य संदर्भ व्यक्ति केआरपी के रूप में तैयार किया जा रहा है। ये प्रतिभागी अपने जिलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। उद्घाटन सत्र में यादव ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल विकसित करने तथा भविष्य के लिए तैयार होने का अवसर देती है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में व्यावसायिक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उपनिदेशक योगेंद्र प्रसाद शर्मा ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण की सीख जिला स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के पहले दिन आईपीई ग्लोबल की शी लर्न्स पहल की स्टेट लीड प्रियंका जैन ने विद्यार्थियों को लैंगिक रूढ़ियों से परे कौशल चयन के अवसर देने पर चर्चा की। वहीं, लेंड ए हैंड इंडिया के धनश्री चांडक और विशाल चव्हाण ने परियोजना आधारित शिक्षण तथा पीएसएससीआईवी भोपाल के विनोद कुमार यादव ने अनुभव आधारित अधिगम और गतिविधि पुस्तिका के उपयोग पर जानकारी दी। अगले दो दिनों में मूल्यांकन, कौशल मेला, बैगलेस डे, हब-एंड-स्पोक मॉडल सहित टाई एंड डाई, हाइड्रोपोनिक्स और मेकर्स स्किल परियोजनाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण होगा।

Comment List