एएनएम को अब अलग-अलग नहीं, एक साथ मिलेगा स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रशिक्षण; राजस्थान से देशभर में होगी शुरुआत
प्रशिक्षक आगे जिलों में देंगे ट्रेनिंग
जयपुर । एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) को अब मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, परिवार कल्याण और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रशिक्षण अलग-अलग नहीं लेना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने इनके लिए एकीकृत प्रशिक्षण व्यवस्था शुरू की है। इसकी राष्ट्रीय स्तर की पहली क्षेत्रीय शुरुआत राजस्थान से हुई है। उदयपुर में 16 से 22 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण में छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 35 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एमबीजीएच नर्सिंग कॉलेज में यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम के अनुसार, इसका उद्देश्य राज्य स्तर पर प्रशिक्षकों की ऐसी टीम तैयार करना है, जो आगे अपने-अपने राज्यों में जिला स्तर पर एएनएम को प्रशिक्षित करेगी। एक प्रशिक्षण में कई स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी अब तक विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण आयोजित किए जाते थे। नई व्यवस्था में इन्हें एकीकृत कर कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, पोषण, गैर संचारी रोगों और टीबी की स्क्रीनिंग व फॉलोअप, मानसिक स्वास्थ्य, परामर्श और डिजिटल स्वास्थ्य रिपोर्टिंग जैसे विषय शामिल किए गए हैं।

Comment List