कांग्रेस के उछब लाल धाकड़ बने बूंदी जिला परिषद के उप जिला प्रमुख
भाजपा प्रत्याशी मिंटू मेघवाल को 15 मतों से हराया
बूंदी। बूंदी जिला परिषद के उप जिला प्रमुख पद के लिए गुरुवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी उछब लाल धाकड़ ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मिंटू मेघवाल को 15 मतों के अंतर से पराजित किया। उछब लाल धाकड़ को 21 मत मिले, जबकि मिंटू मेघवाल के पक्ष में 6 मत पड़े। परिणाम के साथ ही जिला परिषद में कांग्रेस ने अपना बहुमत बरकरार रखा।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला परिषद परिसर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। जिला परिषद सदस्यों और प्रत्याशियों को सघन जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया गया। चुनाव से पहले राजनीतिक हलकों में क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। जिला प्रमुख के चुनाव में एक मत क्रॉस होने की चर्चा के बाद उप जिला प्रमुख के चुनाव पर भी सबकी निगाहें टिकी थीं। हालांकि, परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी को सभी 21 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी को 6 मतों से संतोष करना पड़ा।
हंसा गुर्जर के साथ मिलकर विकास को देंगे गति
जीत के बाद नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख उछब लाल धाकड़ ने कहा कि जिला प्रमुख हंसा गुर्जर के साथ मिलकर बूंदी जिले में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनहित के कार्य उनकी प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के गांवों में विकास की नई योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी कांग्रेस : महावीर मीणा
कांग्रेस जिला अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताते हुए जिला परिषद में पूर्ण बहुमत दिया है। पार्टी जनता के इस विश्वास पर खरी उतरने का प्रयास करेगी। जिला प्रमुख हंसा गुर्जर के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और गांवों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।

Comment List