असंतुष्टों की पैरवी करना पड़ा भारी, रूस में 66 वर्षीय मानवाधिकार वकील को 12 साल कैद
बंद कमरे में चली सुनवाई
मॉस्को। रूस की एक अदालत ने प्रमुख मानवाधिकार वकील मारिया बोंटस्लर (66) को राजद्रोह के आरोप में 12 साल कैद की सजा सुनाई है। उन्हें पिछले वर्ष मई में कलिनिनग्राद से 'एक विदेशी राज्य के साथ गोपनीय सहयोग' करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसे बाद में राजद्रोह के आरोपों में बदल दिया गया। अभियोजकों ने बोंटस्लर पर संघीय सुरक्षा सेवा के उन अधिकारियों के बारे में यूक्रेनी खुफिया सेवाओं को जानकारी देने का आरोप लगाया, जो जासूसी, राजद्रोह और आतंकवाद के मामलों की जांच कर रहे थे। अभियोजन पक्ष का दावा है कि उन्होंने यह जानकारी उन मामलों में बचाव पक्ष के आरोपियों का प्रतिनिधित्व करते समय जुटाई थी।
अपने दशकों लंबे करियर के दौरान कई बेहद कठिन और राजनीति से प्रेरित मामलों की पैरवी करने के लिए प्रसिद्ध बोंटस्लर ने इन आरोपों से सिरे से इनकार किया है। उनके वकीलों का कहना है कि जिन जानकारियों को यूक्रेनी खुफिया एजेंसी को देने का आरोप उन पर लगाया गया है, वे सभी सार्वजनिक थीं और खुली अदालती सुनवाई के दौरान सामने आ चुकी थीं।
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मानवाधिकार संगठन 'मेमोरियल' ने बोंटस्लर को एक राजनीतिक कैदी माना है। अदालत में अपने अंतिम बयान में बोंटस्लर ने कहा, मेरा प्रशासनिक और आपराधिक अभियोजन मानवाधिकार वकालत और कानूनी पेशे में मेरे कार्य विशेष रूप से असंतुष्टों, विपक्ष के सदस्यों और अन्य लोगों को योग्य कानूनी सहायता प्रदान करने के कारण हो रहा है। यह वास्तव में मेरे खिलाफ एक राजनीतिक प्रतिशोध है। इस मुकदमे की सुनवाई बंद कमरे में की गई, जिसमें स्वतंत्र वकीलों और स्वयं बोंटस्लर को भी सुनवाई में शामिल होने से रोक दिया गया था।

Comment List