संविधान दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- विरोध पक्ष से अवरोध पक्ष बनती जा रही है पार्टी

संविधान लोकतंत्र का आधार

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- विरोध पक्ष से अवरोध पक्ष बनती जा रही है पार्टी
संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान को भारत के लोकतांत्रिक और सामाजिक ढांचे का आधार तथा अपनी यात्रा का हिस्सा बताते हुए कांग्रेस पर दशकों तक संवैधानिक सिद्धांतों को कमजोर करने व विपक्ष के बजाय अवरोध की भूमिका निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने संविधान सभा के योगदान, सामाजिक न्याय, महिला प्रतिनिधित्व और विकसित भारत 2047 के लिए कर्तव्य व इंडिया फर्स्ट के महत्व पर जोर दिया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भारत के संविधान को देश के लोकतांत्रिक और सामाजिक ढांचे का आधार तथा अपनी व्यक्तिगत एवं राजनीतिक यात्रा का अभिन्न हिस्सा बताया और कांग्रेस पर दशकों तक सत्ता में रहने के दौरान संवैधानिक सिद्धांतों को कमजोर करने का आरोप लगाया। मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किए गए एक संदेश में अपने विचार लेख के प्रमुख विषयों का उल्लेख किया। उन्होंने संविधान की विशिष्टता, संविधान सभा के योगदान और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने तथा सामाजिक एवं आर्थिक न्याय को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि उनके लेख में भारतीय संविधान के विशिष्ट स्वरूप, भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को आकार देने में उसकी भूमिका और सामाजिक अथवा आर्थिक पृष्ठभूमि से इतर लोगों को अवसर उपलब्ध कराने में उसके योगदान की पड़ताल की गयी है। साधारण पृष्ठभूमि से देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद तक के अपने सफर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान ने ऐसे लोगों के लिए भी सर्वोच्च संवैधानिक जिम्मेदारियों तक पहुंचने की संभावना बनाई, जिन्हें जन्म से कोई विशेषाधिकार या लाभ प्राप्त नहीं था। मोदी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी और उसके पूर्ववर्तियों के दशकों तक शासन के दौरान संवैधानिक स्वतंत्रताओं और संस्थाओं को नुकसान पहुंचा। उन्होंने संवैधानिक सिद्धांतों की कथित अवहेलना के उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब पांच दशकों में कांग्रेस की सरकारों द्वारा लिए गए फैसलों ने संविधान की भावना को कमजोर किया।

विपक्ष की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस 'विरोध पक्ष' से 'अवरोध पक्ष' में बदलती दिखाई दे रही है। उन्होंने संवैधानिक लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष के महत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने का विकल्प नहीं हो सकता। संविधान सभा को श्रद्धांजलि देते हुए मोदी ने याद दिलाया कि संविधान 26 नवंबर, 1949 को अंगीकृत किया गया था। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों के योगदान को रेखांकित किया और कहा कि इन हस्तियों ने भारत की सभ्यतागत परंपराओं और सामूहिक ज्ञान का सहारा लेकर विविधता वाले देश के लिए एक आधुनिक संवैधानिक दस्तावेज तैयार किया।

संविधान के विद्वान ग्रैनविल ऑस्टिन के संविधान को सबसे पहले और सबसे बढ़कर एक सामाजिक दस्तावेज बताने वाले कथन का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक और आर्थिक न्याय इसके दर्शन के केंद्र में हैं। उन्होंने अपनी सरकार की कल्याणकारी और विकास संबंधी पहलों को इन संवैधानिक आकांक्षाओं को नागरिकों तक वास्तविक लाभ के रूप में पहुंचाने के प्रयासों के तौर पर प्रस्तुत किया।
लेख में महिला सशक्तीकरण और विधायी संस्थाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। श्री मोदी ने महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए कानून पर विपक्ष के रुख की आलोचना की और लैंगिक न्याय तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी।

Read More अनंता रिसॉर्ट में विला खरीद मामला : IAS शिखर अग्रवाल समेत गोयल फैशंस के निदेशकों पर एसीबी ने किया केस दर्ज

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि संविधान केवल संसद, अदालतों और कानूनी संस्थाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे देश की सामूहिक चेतना का हिस्सा बनना चाहिए, विशेष रूप से युवा पीढ़ी के बीच। इस संदर्भ में उन्होंने राजग सरकार के 2015 के उस फैसले का उल्लेख किया, जिसके तहत 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया गया था। इससे संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकार किए जाने की वर्षगांठ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता मिली। 'विचार में इंडिया फर्स्ट' और 'आचरण में कर्तव्य' के सिद्धांतों पर जोर देते हुए श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत की दिशा में देश की प्रगति में इन मूल्यों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि संविधान आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य के निर्माण में शक्ति और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Read More पहलगाम हमले के बाद भी पाकिस्तान का स्वागत, सुप्रिया ने केन्द्र सरकार को घेरा

भारत हर वर्ष 26 नवंबर को 1949 में संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकार किए जाने की स्मृति में संविधान दिवस मनाता है। संविधान 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ था, जिससे भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना और संसदीय लोकतंत्र, मौलिक अधिकारों तथा संवैधानिक शासन की वह रूपरेखा स्थापित हुई, जो आज भी देश का मार्गदर्शन करती है।

Read More शेयर बाजार में हाहाकार: सेंसेक्स 1,484 अंक टूटा, निवेशकों के 5.30 लाख करोड़ रुपये डूबे

Post Comment

Comment List

Latest News

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- विरोध पक्ष से अवरोध पक्ष बनती जा रही है पार्टी संविधान दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- विरोध पक्ष से अवरोध पक्ष बनती जा रही है पार्टी
संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान को भारत के लोकतांत्रिक और सामाजिक ढांचे का आधार तथा अपनी यात्रा...
आरएएस परीक्षा 2026 में 607 पदों के लिए 5.08 लाख अभ्यर्थियों की दावेदारी, एक सीट पर 837 उम्मीदवारों में मुकाबला
भाजपा के खुशवंत नागर बने झालावाड़ जिला परिषद के उप जिला प्रमुख
लंबित मांगों को लेकर विद्युत मंत्रालयिक कर्मचारी 1 दिसंबर को जयपुर विद्युत भवन में करेंगे विशाल धरना-प्रदर्शन
संविधान रक्षा मार्च को अनुमति नहीं मिलने पर भड़की कांग्रेस, BJP-RSS पर लगाए अनादर के आरोप
आतंकवाद, तस्करी और साइबर अपराध पर कसेगा शिकंजा, चार देशों ने अपनाया सुरक्षा सहयोग का नया रोडमैप
पीएम श्री विद्यालयों में कौशल बोध को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू