राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- संविधान देश की आत्मा और अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार, खरगे ने भी दिया संदेश
संविधान को देश की आत्मा और लोकतंत्र की नींव
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संविधान दिवस पर कहा है कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं बल्कि देश की आत्मा है और हर नागरिक की गरिमा, न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा भाईचारे का रक्षक है। राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया ''एक्स'' पर कहा कि संविधान हर आवाज की ताकत है और यही देश के लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ संविधान हमारा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा, ''संविधान दिवस पर संकल्प दोहराता हूँ- हम हर हाल में इसकी रक्षा करेंगे और हर भारतीय के अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे।''
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा है कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। खरगे ने गुरुवार को सोशल मीडिया ''एक्स'' पर कहा, ''राजनीतिक लोकतंत्र तब तक टिक नहीं सकता, जब तक उसके आधार में सामाजिक लोकतंत्र न हो।'' उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के इस कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान के मूल आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद की रक्षा करना सबसे बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर सहित उन सभी महान राष्ट्रनायकों को नमन किया, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी।
खरगे ने कहा, ''आइए, हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखने का पुनः संकल्प लें।''

Comment List