जयपुर में साइबर ठगी के 5 मामले, शातिरों ने 10.94 लाख रुपए उड़ाए
साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी
जयपुर। शहर के झोटवाड़ा, खोरा बीसल और करणी विहार थाना क्षेत्रों में ठगों ने पांच लोगों से 10 लाख 94 हजार रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद शिकायतों के आधार पर ई-एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए संबंधित पुलिस थानों में भेजी गई।
पुलिस ने बताया कि झोटवाड़ा के अग्रसेन नगर निवासी अनुपमा राय के साथ 1 लाख 90 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई। वहीं, श्रीराम नगर निवासी देवेंद्र कुमार के खाते से ठगों ने 2 लाख 40 हजार रुपए की रकम निकाल ली। इसी तरह खोरा बीसल थाना क्षेत्र में श्याम नगर निवासी राहुल चौधरी साइबर ठगों का शिकार हो गए। उनके साथ 4 लाख 82 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई। उधर करणी विहार इलाके में सिरसी रोड निवासी प्रकाश के बैंक खाते से 1 लाख 78 हजार रुपए निकल गए। पीड़ित का कहना है कि उनके खाते से रकम अपने आप कट गई। पुलिस अब कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि ठगी में शामिल आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

Comment List