महंगाई-बेरोजगारी से ग्रामीण भारत में उबाल : जयेराम बोले- राजस्थान में भाजपा को मिला ट्रेलर
अब आगे भी भाजपा की राह आसान नहीं
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और घटती आमदनी से लोग त्रस्त हैं और हाल में राजस्थान में हुए पंचायती राज चुनावों में इसका असर देखने को मिला है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि महंगाई से पूरा देश त्रस्त है, लेकिन ग्रामीण भारत पर इसकी मार कहीं ज्यादा है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं, आमदनी बढ़ नहीं रही है और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि किसान और खेतिहर मजदूर के परिवार के लिए नमक, चीनी, दाल, मसाले, प्याज और सरसों के तेल जैसी बुनियादी खाद्य वस्तुओं से लेकर रसोई गैस, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और यातायात तक हर जरूरत पर खर्च बढ़ रहा है। रुकी हुई आमदनी और साल-दर-साल बढ़ता खर्च केन्द्र सरकार के दाम-दंड को दिखाता है। रमेश ने आरोप लगाया कि महंगाई की सबसे बड़ी मार पहले से सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों पर पड़ रही है। उनका कहना था कि ग्रामीण रोजगार की रीढ़ रही मनरेगा को केन्द्र सरकार ने खत्म कर दिया है और इस व्यवस्था को कमजोर करके ग्रामीण गरीबों की रोजगार सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत इस स्थिति को लेकर आक्रोश में है और राजस्थान के हालिया पंचायती राज चुनावों में इसका इजहार हुआ, जहां डबल इंजन की सरकार को तगड़ा झटका लगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भी महंगाई, बेरोजगारी और घटती आमदनी के कारण भाजपा को ऐसे झटके लगेंगे।

Comment List