खनिज ब्लॉकों की नीलामी में राजस्थान देश में अव्वल, अब परिचालन पर जोर
चालू वित्तीय वर्ष में 24 ब्लॉकों की हुई नीलामी
जयपुर। राजस्थान ने मेजर मिनरल ब्लॉकों की नीलामी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 24 मेजर मिनरल ब्लॉकों की नीलामी की जा चुकी है। अब राज्य सरकार का फोकस नीलाम किए गए खनिज ब्लॉकों को जल्द परिचालन में लाकर निवेश, रोजगार और राजस्व के नए अवसर पैदा करने पर है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में खान विभाग से जुड़े अंतरविभागीय मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि नीलाम खानों को परिचालन में लाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से लंबित अनुमतियां जल्द जारी करें।
उन्होंने अरावली क्षेत्र से बाहर खनिज अन्वेषण और नए माइनिंग ब्लॉकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में वन, पर्यावरण, नगरीय विकास, राजस्व और परिवहन विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने जोधपुर के खनिज ब्लॉकों की अनुमति के लिए अलग बैठक करने तथा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने को कहा। एसीएस माइंस अपर्णा अरोड़ा ने बताया कि 55 मेजर मिनरल ब्लॉकों की नीलामी का रोडमैप तैयार है। वहीं, 716 माइनर मिनरल खानों को परिचालन में लाया जा चुका है। पर्यावरण स्वीकृतियों में तेजी लाने और अवैध खनन में लिप्त वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने पर भी जोर दिया गया।

Comment List