अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस का शानदार प्रदर्शन महिला पाइप बैंड ने जीता स्वर्ण, ब्रास बैंड ने रजत पदक
लगातार तीसरे वर्ष पदक जीतकर रचा इतिहास
जयपुर। 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में राजस्थान पुलिस के बैंड दलों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले में 16 से 20 नवंबर तक प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस महिला पाइप बैंड ने स्वर्ण और ब्रास बैंड टीम ने रजत पदक जीता है। महिला पाइप बैंड टीम का नेतृत्व बैंड मास्टर पूनम सपेरा ने किया। टीम ने लगातार तीसरे वर्ष पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले टीम ने 26वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2025 में कांस्य और 25वीं प्रतियोगिता-2024 में स्वर्ण पदक जीता था।
इसी प्रकार, राजस्थान पुलिस ब्रास बैंड टीम ने इस प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया है। टीम का नेतृत्व बैंड मास्टर योगेन्द्र कुमार ने किया। इससे पहले टीम 24वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2023 में रजत पदक जीत चुकी है। प्रतियोगिता में पदक जीतकर जयपुर लौटने पर महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने दोनों बैंड दलों का उत्साहवर्धन किया। विजेताओं को बधाई देते हुए प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर डीजी (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (आर्म्ड बटालियन) रूपिंदर सिंघ, उप महानिरीक्षक पुलिस (आरएसी) श्रीमती श्वेता धनकड़, उप महानिरीक्षक पुलिस कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी पुलिस बैंड वादकों को प्रोत्साहित किया।

Comment List