मुस्कानों के पीछे छिपी कहानियां कैनवास पर, जवाहर कला केंद्र में डॉ. जगदीश प्रसाद मीणा की प्रदर्शनी शुरू
मानवीय संवेदनाएं और चेहरे की मुस्कान के पीछे छिपे जीवन के अनकहे संघर्ष
जयपुर। जवाहर कला केंद्र की सुरेख आर्ट गैलरी में बुधवार को समकालीन चित्रकार डॉ. जगदीश प्रसाद मीणा की एकल चित्रकला प्रदर्शनी मुस्कानों के पीछे का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में मानवीय संवेदनाओं, पारिवारिक रिश्तों और जीवन के अनकहे संघर्षों को कैनवास पर उकेरा गया है। उद्घाटन अवसर पर मौजूद कला समीक्षकों, वरिष्ठ कलाकारों, शिक्षाविदों और कला प्रेमियों ने कलाकृतियों की खुले मन से सराहना की ।प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कुलगुरु ने कलाकार के कला-कर्म की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कलाकार को अपनी मौलिक दृष्टि और सृजनात्मक यात्रा निरंतर जारी रखनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कला विद्यार्थियों के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने, कला बाजार को समझने और कलाकारों के लिए नए मंच तलाशने की दिशा में प्रयास करने का सुझाव दिया।
कलाकार ने पारिवारिक संबंधों, सामाजिक परिवेश और रोजमर्रा के अनुभवों के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक संवेदना, यहां के रंगों और लोकजीवन को चित्रों में पिरोया है। प्रदर्शनी का केंद्रीय भाव यह प्रश्न उठाता है कि क्या चेहरे की मुस्कान हमेशा भीतर की खुशी को ही व्यक्त करती है या उसके पीछे संघर्ष, जिम्मेदारियां और भावनात्मक द्वंद्व भी छिपे होते हैं। कई दर्शकों ने इन चित्रों में अपनी निजी जिंदगी और पारिवारिक अनुभवों की झलक महसूस की। डॉ. मीणा ने आभार जताते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी केवल चित्रों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जीवन और संवेदनाओं को समझने व दर्शकों से संवाद का प्रयास है।

Comment List