AI के सुपर इंटेलिजेंस युग में भारत-अमेरिका समेत 10 देश आए साथ, तकनीक और सप्लाई चेन की सुरक्षा पर समझौता

विविधता पर सहमति

AI के सुपर इंटेलिजेंस युग में भारत-अमेरिका समेत 10 देश आए साथ, तकनीक और सप्लाई चेन की सुरक्षा पर समझौता
भारत, अमेरिका और आठ अन्य देशों ने उभरते सुपर इंटेलिजेंस (एसआई) युग में संवेदनशील प्रौद्योगिकियों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और आपूर्ति शृंखलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए 'सान फ्रांसिस्को घोषणापत्र' पर हस्ताक्षर किए हैं। 'पैक्स सिलिका' पहल के तहत हुए इस समझौते का उद्देश्य रणनीतिक निर्भरता घटाना, आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और साझा सहयोग बढ़ाना है।

सान फ्रांसिस्को। भारत, अमेरिका और आठ अन्य देशों ने उभरते सुपर इंटेलिजेंस (एसआई) युग में महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपूर्ति शृंखलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य रणनीतिक निर्भरता, आर्थिक सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे से जुड़े जोखिमों से निपटना है। 'सान फ्रांसिस्को डिक्लेरेशन ऑन द सिक्योर फाउंडेशन्स ऑफ एंड्योरिंग प्रॉस्पेरिटी' नामक इस घोषणापत्र पर अमेरिका के आर्थिक मामलों के अवर विदेश मंत्री जैकब हेलबर्ग की ओर से आयोजित 'पैक्स सिलिका फाउंडर्स रिट्रीट' में हस्ताक्षर किए गए।

भारत और अमेरिका के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इजरायल, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन इसके हस्ताक्षरकर्ता हैं। घोषणापत्र में आर्थिक सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए संवेदनशील प्रौद्योगिकियों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और आपूर्ति शृंखलाओं को शत्रुतापूर्ण तत्वों, अनधिकृत पहुंच तथा व्यवधानों से बचाने पर जोर दिया गया है। इसमें सॉफ्टवेयर, सामग्री, कलपुर्जे, उत्पादन क्षमता और एसआई आपूर्ति शृंखला के लिए जरूरी अन्य संसाधनों को संवेदनशील प्रौद्योगिकी की श्रेणी में रखा गया है। सैन्य या खुफिया बढ़त दिलाने वाली प्रौद्योगिकियों की चोरी और अवैध हस्तांतरण को भी प्रमुख जोखिम बताया गया है। बंदरगाहों, टर्मिनलों, परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, संचार प्रणालियों, ऊर्जा सुविधाओं और डिजिटल मंचों जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत का भी इसमें उल्लेख किया गया है।

हस्ताक्षरकर्ता देशों ने एसआई आधारित विकास और आर्थिक सुरक्षा के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए पांच कार्यसमूह बनाने का प्रस्ताव रखा है। ये समूह नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों, प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों में एसआई के इस्तेमाल, एसआई आपूर्ति शृंखला में सहयोग, सुरक्षित परिचालन व्यवस्था एवं आपूर्ति शृंखला सुरक्षा केंद्रों और एसआई की सुरक्षा तथा मजबूती पर काम करेंगे।

घोषणापत्र में किसी एक स्रोत पर अत्यधिक निर्भरता घटाने, आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने और भागीदार देशों के बीच भरोसेमंद तकनीकी क्षमताएं विकसित करने पर भी सहमति जताई गई है। इसका उद्देश्य आर्थिक दबाव, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करने वाली अनुचित नीतियों से निपटने के लिए देशों के बीच समन्वय बढ़ाना है।घोषणापत्र में कहा गया है, हम मानते हैं कि संवेदनशील प्रौद्योगिकियों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक भागीदार की सुरक्षा सभी की सतर्कता से मजबूत होती है।

Read More भारत-दक्षिण अफ्रीका की रणनीतिक साझेदारी होगी मजबूत, सहयोग के नए क्षेत्रों पर बनी सहमति

यह समझौता 'पैक्स सिलिका' पहल के लिए नया चरण है। एक साल से भी कम समय पहले शुरू हुए इस गठबंधन का उद्देश्य उभरते एसआई युग की आर्थिक और तकनीकी बुनियाद को मजबूत करने के लिए भागीदार देशों के बीच सहयोग बढ़ाना है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि यह घोषणा पत्र उन प्रौद्योगिकियों और बुनियादी ढांचे की पहचान के लिए साझा ढांचा तैयार करता है, जिन्हें सुरक्षा की जरूरत है। विभाग ने कहा कि कोई भी देश अकेले एसआई युग की बुनियाद सुरक्षित नहीं कर सकता और इस तकनीक से मिलने वाली समृद्धि उसकी आपूर्ति शृंखलाओं तथा बुनियादी ढांचे की मजबूती पर निर्भर करेगी।

Read More आखिर क्यों सोनिया गांधी की किताब से चर्चा में आए प्रणब मुखर्जी? क्या चाहते थे मनमोहन सिंह की कुर्सी?

Post Comment

Comment List

Latest News

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन का फॉर्मूला तय, खरगे के घर बड़ी बैठक यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन का फॉर्मूला तय, खरगे के घर बड़ी बैठक
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, चुनावी रणनीति और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन व सीट बंटवारे के फार्मूले पर...
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए आयुर्वेद विद्यार्थियों ने ली चिकित्सा सेवा की शपथ
"दोस्ती का खूनी अंत" रंग-रूप पर ताने और बहन को लेकर शक, बचपन के दोस्त ने कर दी हत्या
काबुली चना 200 से 300 रुपये तक महंगा, चौला मोगर में 100 से 200 रुपये की बढ़ोतरी, अन्य दाल-अनाज के भाव स्थिर
कर्नाटक धर्मांतरण विरोधी कानून: विहिप ने कांग्रेस को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की दी चेतावनी, सीएम को सौंपा ज्ञापन
कुकरखेड़ा मंडी में रोज पांच हजार बोरी की आवक, क्वालिटी के अनुसार 6500 से 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल भाव
बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 512 अंक चढ़ा, निफ्टी 25,291 पर बंद