पर्यटन सीजन में जैसलमेर के लिए उड़ान नहीं, जयपुर से सीधी हवाई सेवा ठप
सीधी एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं
जयपुर। स्वर्ण नगरी जैसलमेर में पर्यटन की मांग तो है, लेकिन हवाई सुविधा नहीं। टूरिस्ट सीजन शुरू होने के बावजूद इस बार जयपुर से जैसलमेर के लिए सीधी एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। नतीजा यह कि सैलानियों को सड़क या रेल मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है, जिसमें समय भी ज्यादा लगता है और थकान भी।
सीजन में जयपुर से बड़ी संख्या में लोग जैसलमेर घूमने जाते हैं। रेगिस्तान, किलों और हवेलियों को देखने की चाह में हर साल पर्यटकों की भीड़ उमड़ती है। पिछले वर्षों में स्पाइसजेट और इंडिगो इस रूट पर उड़ानें संचालित करती थीं, जिससे पर्यटकों को राहत मिलती थी। लेकिन इस बार किसी भी एयरलाइन ने फ्लाइट शुरू नहीं की है।
हालांकि जैसलमेर से हवाई संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। यहां से रोज दिल्ली के लिए तीन और मुंबई के लिए दो फ्लाइट संचालित हो रही हैं। पर जयपुर के लिए सीधी उड़ान न होने से पर्यटन कारोबारियों में भी चिंता है।

Comment List