पीएम मोदी बोले- 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य असंभव नहीं, देश अब डेडलाइन में कर रहा काम
चिनाब पर विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल और स्टार्टअप तंत्र की सराहना
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे लक्ष्य पूरे होने से देश का आत्मविश्वास बढ़ा है। अब भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना असंभव नहीं है। इसके लिए देश अब समय सीमा तय कर योजनाओं को पूरा कर रहा है। डेडलाइन तय होने से प्राथमिकताएं स्पष्ट होती हैं और काम की रफ्तार बढ़ती है।
मोदी ने कहा कि पहले चार लेन की सड़क बनना बड़ी उपलब्धि माना जाता था, लेकिन आज देश एक्सप्रेसवे की अपेक्षा करता है। सरकार ने हर घर शौचालय का लक्ष्य पूरा किया और 10 करोड़ से अधिक उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए हैं। उन्होंने अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियों, चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल और देश के बड़े स्टार्टअप तंत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ मीडिया का स्वरूप भी बदला है।
उन्होंने कहा कि आजादी के समय से ही देश को विकसित बनाने का सपना रहा है लेकिन अब इस सपने के सामने एक डेडलाइन तय है। हमें स्वतंत्रता के 100 साल पूरे होने से पहले मिलकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इस विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मीडिया और पत्रकारों के काम करने के तौर-तरीकों की सराहना करते हुए देशवासियों, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को दीपावली और आगामी छठ महापर्व की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। दीपावली मिलन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई वरिष्ठ नेता तथा पत्रकार मौजूद रहे।

Comment List